नवलपुर में सनसनीखेज दोहरा हत्याकांड: जमीन विवाद में भाई ने ही की थी दंपती की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
थाना लोरमी अंतर्गत ग्राम नवलपुर में हुए अंधे दोहरे हत्याकांड की गुत्थी को पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने सुलझा लिया है। पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर उपजे विवाद और रंजिश के चलते सगे भाई ने ही अपने बड़े भाई और भाभी की लोहे की कुदाल (कुदरी) से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घटना का विवरण ग्राम नवलपुर निवासी नंदकुमार कश्यप (50 वर्ष) और उनकी पत्नी गौरीबाई कश्यप (50 वर्ष) के शव उनके ही घर में संदिग्ध अवस्था में पाए गए थे। मृतक के बेटे मोहन कश्यप की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सिम्स (CIMS) बिलासपुर भेजा। शार्ट पीएम रिपोर्ट में दोनों की हत्या की पुष्टि होने के बाद लोरमी थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। हत्या की वजह: 50 डिसमिल पैतृक जमीन का विवाद विवेचना के दौरान पुलिस ने जब पारिवारिक व सामाजिक पृष्ठभूमि की जानकारी जुटाई, तो सामने आया कि मृतक नंदकुमार कश्यप और उसके छोटे भाई नंदू कश्यप (46 वर्ष) के बीच कुल 8 एकड़ पैतृक जमीन को लेकर लंबे समय से मनमुटाव था। जमीन के बंटवारे में दोनों भाइयों को 3-3 एकड़ और बहन को 1 एकड़ जमीन मिली थी। शेष 50 डिसमिल जमीन माता-पिता के पास थी। तय हुआ था कि माता-पिता की देखरेख करने के एवज में यह 50 डिसमिल जमीन नंदू कश्यप को मिलेगी। माता-पिता के देहांत के बाद नंदकुमार कश्यप उस 50 डिसमिल जमीन में भी आधा हिस्सा मांगने लगा। इसी बात को लेकर नंदू अपने भाई से गहरी रंजिश रखने लगा था। वारदात को ऐसे दिया अंजाम छत के रास्ते घर में घुसा: 19 अगस्त की दरमियानी रात आरोपी नंदू कश्यप लोहे की कुदाल लेकर छत के रास्ते नंदकुमार के घर में दाखिल हुआ। सिर पर जानलेवा वार: उसने गहरी नींद में सो रहे नंदकुमार के सिर पर कुदाल से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। पहचान उजागर होने के डर से भाभी की भी हत्या: आवाज सुनकर जागी भाभी गौरीबाई ने जब उसे देख लिया, तो पकड़े जाने के डर से आरोपी ने उस पर भी हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। गुमराह करने की कोशिश: वारदात के बाद घटना को लूट या सामान्य दिखाने और पुलिस को भटकाने के उद्देश्य से आरोपी ने घर के कमरे और अलमारी को खुला छोड़ दिया तथा बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया। गिरफ्तारी और बरामदगी संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर जब नंदू कश्यप से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर ट्यूबवेल के पास छिपाई गई घटना में प्रयुक्त लोहे की कुदाल बरामद कर ली गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी नंदू कश्यप को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


