धरमजयगढ़: राशन दुकानों में ₹31.75 लाख के खाद्यान्न घोटाले का पर्दाफाश,
धरमजयगढ़। जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के सरकारी राशन में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। धरमजयगढ़ क्षेत्र की दो शासकीय उचित मूल्य दुकानों की जांच में कुल 31.75 लाख रुपये से अधिक मूल्य के खाद्यान्न की कमी उजागर हुई थी। इस मामले में काफी समय से फरार चल रहे गनपतपुर दुकान के विक्रेता शहनवाज उर्फ मौसम खान को रैरूमाखुर्द पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि दोनों मामलों से जुड़े तीन अन्य आरोपी अब भी फरार हैं। ससकोबा दुकान: 12.89 लाख के राशन की हेराफेरी, दो गिरफ्तार व एक फरार खाद्य विभाग की टीम ने 3 सितंबर 2026 को ग्राम ससकोबा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान (क्रमांक 412009078) का औचक निरीक्षण किया था। भौतिक सत्यापन में दुकान से 499.65 क्विंटल चावल, 5.37 क्विंटल शक्कर और 8.03 क्विंटल नमक गायब मिला, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 12 लाख 89 हजार 375 रुपये आंकी गई। जांच में यह गंभीर बात भी सामने आई कि अगस्त माह में कई हितग्राहियों के ई-पॉस मशीन पर अंगूठे लगवाए गए, लेकिन राशन का वितरण नहीं किया गया। मामले में चौकी रैरूमाखुर्द में अपराध दर्ज कर संचालक 'सरोज स्व-सहायता समूह' की अध्यक्ष उमाबाई राठिया और सचिव माधुरी बाई राठिया को 12 सितंबर को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि विक्रेता बिहारी राठिया अभी भी फरार है। गनपतपुर दुकान: 18.86 लाख के खाद्यान्न की कमी, विक्रेता अस्पताल से भागकर गांव पहुंचा और धराया इसी कड़ी में ग्राम गनपतपुर स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान (क्रमांक 412009080) की जांच में भी भारी अनियमितता उजागर हुई। यहां स्टॉक से 704.93 क्विंटल चावल, 15.34 क्विंटल शक्कर और 31.98 क्विंटल नमक गायब मिला, जिसकी कुल कीमत करीब 18 लाख 86 हजार 345 रुपये है। खाद्य विभाग के प्रतिवेदन पर दुकान संचालक 'जननी महिला स्व-सहायता समूह' की अध्यक्ष रूबीना खान, सचिव शाहिन खान और विक्रेता शहनवाज उर्फ मौसम खान (49 वर्ष, निवासी पीपरमार) के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 व 7 के तहत अपराध क्रमांक 289/2026 पंजीबद्ध किया गया। मामला दर्ज होते ही आरोपी शहनवाज सिविल अस्पताल धरमजयगढ़ में भर्ती होकर इलाज का बहाना बनाकर बच रहा था। अस्पताल से निकलने के बाद जैसे ही उसके गांव पहुंचने की पुख्ता सूचना मिली, चौकी प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर उसे धर दबोचा। तीन फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश दोनों मामलों को मिलाकर अब तक कुल तीन गिरफ्तारियां हो चुकी हैं, जबकि तीन आरोपी अभी भी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। फरार आरोपियों में ससकोबा दुकान का विक्रेता बिहारी राठिया तथा गनपतपुर दुकान की अध्यक्ष रूबीना खान व सचिव शाहिन खान शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों के ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


