बिलासपुर ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद हेतु की दावेदारी नीरज जायसवाल ने

बिलासपुर (ग्रामीण) जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद हेतु की दावेदारी — नीरज जायसवाल ने कार्यकर्ताओं से मांगा समर्थन
रतनपुर।
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में संगठन सृजन अभियान के तहत प्रदेशभर में संगठनात्मक नियुक्तियों की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। इसी क्रम में बिलासपुर (ग्रामीण) जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद हेतु भी कार्यकर्ताओं से रायशुमारी की जा रही है। पार्टी द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक विभिन्न ब्लॉकों का दौरा कर संगठन के सक्रिय पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से चर्चा कर उनकी राय ले रहे हैं।
इसी क्रम में रतनपुर के वरिष्ठ कांग्रेस नेता नीरज जायसवाल ने भी जिला कांग्रेस कमेटी बिलासपुर (ग्रामीण) के अध्यक्ष पद हेतु अपनी दावेदारी प्रस्तुत की है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि —
> “मैं 1995 से निरंतर कांग्रेस पार्टी की सेवा में समर्पित हूं। पिछले 30 वर्षों से मैंने नगर, ब्लॉक, जिला और प्रदेश स्तर पर पार्टी के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया है। कांग्रेस की रीति-नीति और विचारधारा के अनुरूप आम जनता की समस्याओं को लेकर संघर्ष करते हुए सदैव संगठन को मजबूत बनाने के लिए कार्य किया है। मैंने हमेशा कार्यकर्ताओं के बीच पारिवारिक संबंध बनाने का प्रयास किया है ताकि संगठन की जड़ें और अधिक मजबूत हों।”
नीरज जायसवाल ने आगे कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे जी एवं माननीय राहुल गांधी जी के निर्देशानुसार सभी पदों पर नियुक्तियां आम कार्यकर्ताओं की रायशुमारी के आधार पर की जा रही हैं। इसलिए वे भी एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में कार्यकर्ताओं के बीच जाकर जिला अध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी प्रस्तुत कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि —
> “मैं आप सभी कांग्रेस परिवार से अपेक्षा करता हूं कि आप अपना आशीर्वाद, सहयोग और मार्गदर्शन देकर मुझे इस जिम्मेदारी को निभाने का अवसर दें। मैं वचन देता हूं कि यदि संगठन ने यह जिम्मेदारी सौंपी, तो मैं हर कार्यकर्ता की आवाज को जिला स्तर तक पहुंचाने और संगठन को सशक्त बनाने का कार्य पूरी निष्ठा से करूंगा।”
नीरज जायसवाल का कांग्रेस संगठन में लंबा अनुभव रहा है। वे क्रमशः
पूर्व पार्षद, नगर पालिका परिषद रतनपुर (1998)
पूर्व नेता प्रतिपक्ष, नगर पालिका परिषद रतनपुर (2013)
पूर्व उपाध्यक्ष, नगर कांग्रेस कमेटी रतनपुर (2015)
पूर्व उपाध्यक्ष, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कोटा (2018)
उपाध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) बिलासपुर (2019)
एवं वर्तमान में पीसीसी डेलीगेट, प्रदेश कांग्रेस कमेटी छत्तीसगढ़ (2023–2027), रायपुर
जायसवाल का कहना है कि वे पार्टी के हर कार्यकर्ता को साथ लेकर कांग्रेस के जनाधार को मजबूत करने का कार्य जारी रखेंगे। उन्होंने अंत में कहा —
> “कांग्रेस का संगठन कार्यकर्ताओं की एकता और आपसी विश्वास पर टिका है, और मैं सदैव उसी भावना से कार्य करता रहूंगा।”
इस घोषणा के बाद से बिलासपुर ग्रामीण कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा देखी जा रही है, वहीं कई वरिष्ठ नेताओं ने भी नीरज जायसवाल को समर्थन देने की बात कही है।
What's Your Reaction?






