जशपुर: शिकार के लिए बिछाए करंट के तार से जंगली हाथी की मौत,

जशपुर वनमंडल के दुलदुला वन परिक्षेत्र में वन्यजीवों के शिकार के लिए बिछाए गए अवैध बिजली तार की चपेट में आने से एक जंगली हाथी की मौत हो गई। घटना के बाद वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 18 घंटे के भीतर 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को चिकित्सकीय परीक्षण और वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है, वहीं मामले से जुड़े अन्य फरार संदिग्धों की तलाश जारी है। डेढ़ किलोमीटर तक बिछाया था तार, डॉग स्क्वॉड ने पकड़े सुराग: घटना 24 सितंबर की सुबह ग्राम ढोढीआरा के समीप जंगल में सामने आई, जहां ग्रामीणों ने हाथी का शव देखा। सूचना पर वन अमले ने पूरे इलाके को सील कर गुरु घासीदास राष्ट्रीय उद्यान और पुलिस के डॉग स्क्वॉड की मदद से सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया। जांच के दौरान जंगल और खेतों की सीमा पर लगभग 1.5 किलोमीटर तक करंट प्रवाहित तार बिछाए जाने के स्पष्ट निशान मिले। हाथी के करंट की चपेट में आने के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए तार को मौके से हटाकर नाले के पास छिपा दिया था। घरों से शिकार के फंदे, तार और मोर पंख बरामद: संदेहियों से कड़ी पूछताछ के आधार पर वन विभाग ने तीन मकानों पर विधिवत छापेमारी की। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में बिजली तार, वन्यजीवों के शिकार में प्रयुक्त फंदे और एक घर से मोर पंख बरामद किए गए। एक आरोपी की निशानदेही पर नाले के पास छिपाकर रखा गया मुख्य तार भी जब्त कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में इस पूरे षड्यंत्र में करीब 11 लोगों के शामिल होने की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम के बाद दफनाया गया हाथी: सरगुजा से पहुंचे पशु चिकित्सक डॉ. अजीत पाण्डेय और स्थानीय डॉक्टरों की टीम ने नियमानुसार हाथी के शव का पोस्टमार्टम किया और जरूरी फोरेंसिक नमूने सुरक्षित किए। प्रक्रिया पूरी होने के बाद हाथी को सम्मानपूर्वक दफना दिया गया। वहीं, बिजली कनेक्शन के स्रोत की तकनीकी जांच के लिए विद्युत विभाग से भी आधिकारिक रिकॉर्ड मांगा गया है। वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत केस: वन विभाग ने वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश तेज कर दी है। साथ ही जंगलों और खेतों के आसपास गश्त बढ़ाते हुए ग्रामीणों से किसी भी संदिग्ध तार या फंदे की सूचना तत्काल विभाग को देने की अपील की है।

Sep 26, 2026 - 17:32
 0  6
💬 WhatsApp पर शेयर करें
जशपुर: शिकार के लिए बिछाए करंट के तार से जंगली हाथी की मौत,

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0