शीर्षक (Title): अंतागढ़: नदी में जिसे 'शव' समझ जुटी भीड़ और पहुंची पुलिस,
अंतागढ़। नगर के बड़े पुल के पास गुरुवार को उस समय अजीबोगरीब स्थिति बन गई, जब नदी के पानी में एक युवक को काफी देर तक अचेत अवस्था में पड़ा देख लोगों ने उसे मृत समझ लिया। पानी में बिना किसी हलचल के पड़े युवक को देखकर नदी किनारे सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई और आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। हालांकि, जब पुलिस शव को बाहर निकालने के लिए पानी में उतरी, तब जो सच सामने आया उसने सबको चौंका दिया। नदी में चेहरा बाहर रख 1 घंटे तक सोता रहा युवक जानकारी के अनुसार, ग्राम सुरवाही निवासी 27 वर्षीय रामसाय यादव अंतागढ़ में एक व्यापारी के पास ट्रक चालक का काम करता है। विश्वकर्मा जयंती के चलते काम बंद होने पर उसने अत्यधिक शराब का सेवन कर लिया और नहाने के लिए बड़े पुल के पास नदी में उतर गया। नशे का सुरूर इतना ज्यादा था कि वह पानी के बीच ही बेसुध होकर सो गया। उसका अधिकांश शरीर पानी में डूबा हुआ था, जबकि केवल चेहरा बाहर था। करीब एक घंटे तक वह इसी हालत में पानी में बिना हिले-डुले पड़ा रहा, जिससे दूर से देखने वालों को लगा कि उसकी डूबने से मौत हो चुकी है। पुलिस जब शव निकालने पहुंची, तभी हुई हलचल घटना की सूचना पर अंतागढ़ पुलिस के जवान फौरन मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मी जब 'शव' को बाहर निकालने की तैयारी कर ही रहे थे, तभी अचानक युवक के शरीर में हल्की हलचल हुई। यह देख जवानों ने तुरंत उसे सहारा देकर पानी से बाहर निकाला। होश में आने पर जब युवक से पूछताछ की गई, तब पता चला कि वह नशे में नदी के अंदर ही सो गया था। समझाइश देकर छोड़ा, टला बड़ा हादसा जिस युवक को लोग मृत मानकर शोक जता रहे थे, उसके सही-सलामत जिंदा होने पर मौके पर मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने राहत की सांस ली। गनीमत रही कि उसका मुंह और नाक पानी से बाहर थे, जिससे उसकी सांसें चलती रहीं और बड़ा हादसा टल गया। पुलिस युवक को थाने ले गई, जहां परिजनों की मौजूदगी में उसे कड़ी समझाइश देकर छोड़ दिया गया। दिनभर यह अजीबोगरीब वाकया पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


