बिलासपुर में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन,कलेक्टर कार्यालय घेराव के दौरान तनाव
बिलासपुर – जिले की जर्जर सड़कों, बढ़ते बिजली बिलों, धान खरीदी की अव्यवस्था, रजिस्टी रोक और गरीबों के मकानों पर की जा रही कार्रवाई जैसे मुद्दों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया। आंदोलन के लिए कांग्रेसजन पहले कांग्रेस भवन में एकत्र हुए, जहाँ से वे रैली की शक्ल में पैदल कलेक्टोरेट की ओर रवाना हुए। प्रशासन को आंदोलन की सूचना मिलते ही नेहरू चौक से कलेक्टोरेट कार्यालय तक भारी पुलिस बल तैनात कर बैरिकेट्स लगा दिए गए। कलेक्टोरेट पहुंचने से पहले ही पुलिस ने रैली को रोक दिया, जिसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। भीड़ बढ़ते ही हालात कुछ देर के लिए बेकाबू दिखे। स्थिति को संभालने पुलिस ने वज्र वाहन व सुरक्षा घेरा बनाकर प्रदर्शनकारियों को पीछे धकेलने का प्रयास किया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच टकराव की स्थिति बन गई, जिससे मौके पर तनाव फैल गया। अफरा-तफरी के बीच पुलिस बल बढ़ाकर कलेक्टोरेट परिसर की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई। ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी व शहर अध्यक्ष विजय पांडेय ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि दो साल की सरकार में जनता की हालत और बदतर हो गई है। सड़कों की स्थिति जर्जर है, बिजली बिल व स्मार्ट मीटर के नाम पर जनता को लूटा जा रहा है, धान खरीदी में अव्यवस्था साफ दिख रही है ताकि कम से कम धान खरीदा जाए। रजिस्ट्री दरों में बढ़ोतरी और पाँच डिसमिल से कम जमीन की रजिस्ट्री बंद होने से आम आदमी का घर बनाना सपना बन गया है। कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि गरीबों के मकानों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें बेघर किया जा रहा है। नेताओं ने चेतावनी दी कि जनता से जुड़े मुद्दों का समाधान होने तक विरोध जारी रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0