बिलासपुर: 12 करोड़ की लागत से बनी स्मार्ट सड़क पर फिर चला फावड़ा, कब्जा जमाने की नीयत से 100 फीट सड़क खोदी, नाली तोड़ी
करोड़ों की स्मार्ट सड़क को फिर किया जा रहा बर्बाद बिलासपुर के महावीर नगर से उसलापुर आरओबी (ROB) तक हाल ही में बनी नई और चौड़ी स्मार्ट सड़क को एक बार फिर खोदकर बर्बाद किया जा रहा है। मंगला चौक से उसलापुर ओवरब्रिज तक करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से 80 फीट चौड़ी यह बायपास सड़क तैयार की गई थी, जिससे लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिली थी। लेकिन जिन लोगों का अवैध कब्जा हटाकर इसे बनाया गया था, उन्हें यह विकास रास नहीं आ रहा है। कब्जे की नीयत: 100 फीट सड़क खोदी, नाली में डाला मलबा पेट्रोल पंप के बगल से करीब 100 फीट तक सड़क को अवैध रूप से खोद दिया गया है। इतना ही नहीं, आधी सड़क काटकर उसका मलबा पास की नाली में पाट दिया गया है, जिससे नाली पूरी तरह चोक हो गई है और उसे बीच से तोड़ भी दिया गया है। स्थानीय लोगों को आशंका है कि सड़क को खराब कर धीरे-धीरे दोबारा इस जमीन पर कब्जा करने की साजिश रची जा रही है। इससे पहले भी यहां लकड़ी और लोहे के खंभे लगाकर अवैध कब्जे की कोशिश की गई थी, जिसे नगर निगम ने विरोध के बाद हटवाया था। डिवाइडर को बीच-बीच से तोड़ा, रसूखदारों के दबाव में बनी थी तिरछी सड़क स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा बनाई गई 900 मीटर लंबी इस सड़क पर ट्रैफिक को सुव्यवस्थित करने के लिए बीच में डिवाइडर बनाया गया था, जिसे अब कई जगहों से तोड़ दिया गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस सड़क निर्माण में शुरुआत से ही रसूखदारों की दखलंदाजी रही है। सीधी सड़क और सीधी नाली बनाने के बजाय इसे आड़ा-तिरछा कर दिया गया, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है। पहले इसे 24 मीटर चौड़ा बनाया जाना था, लेकिन रसूखदारों के चलते यह कहीं 17 मीटर तो कहीं 18-19 मीटर चौड़ी ही बन पाई। अधिकारियों का कहना—जांच कर होगी सख्त कार्रवाई मामले को लेकर जोन कमिश्नर प्रवेश कश्यप ने बताया कि सड़क की तोड़फोड़ को लेकर शिकायत मिली है। भवन शाखा की टीम के साथ मौके का मुआयना किया जाएगा। यदि जांच में किसी की जानबूझकर की गई बदमाशी या तोड़फोड़ सामने आती है, तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


