भाईदूज के दिन बेटे ने पिता को लोहे की रॉड से पीटा, पेट्रोल डालकर लगाई आग, इलाज के दौरान मौत

बिलासपुर में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। भाईदूज के दिन एक बेटे ने अपने ही 76 वर्षीय पिता पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इसके बाद पेट्रोल डालकर उन्हें आग के हवाले कर दिया। गंभीर रूप से घायल और झुलसे बुजुर्ग को परिजनों ने सिम्स में भर्ती कराया, जहां देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है। दिल दहला देने वाली यह घटना सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम सेलर स्थित धवईहापारा की है। जानकारी के मुताबिक, 76 वर्षीय विश्राम केंवट घर के पास बाड़ी में काम कर रहे थे। इसी दौरान उनका बेटा आशाराम केंवट घर पहुंचा और पिता पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला करने लगा। इसके बाद आरोपी ने पेट्रोल उड़ेलकर पिता को आग लगा दी। पिता की चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। बीच-बचाव के दौरान कुछ लोग भी झुलस गए। किसी तरह आग बुझाकर घायल विश्राम केंवट को डायल 112 और एंबुलेंस की मदद से सिम्स पहुंचाया गया। लेकिन गंभीर रूप से झुलसने के कारण देर रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। एएसपी पंकज कुमार पटेल के मुताबिक, सीपत पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर आरोपी आशाराम केंवट को हिरासत में लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल इस खौफनाक वारदात के पीछे की वजह की जांच की जा रही है। जिस बेटे से बुढ़ापे में सहारे की उम्मीद थी, उसी पर पिता की जान लेने का आरोप है। भाईदूज के दिन हुई इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।

Nov 12, 2026 - 15:39
 0  38
💬 WhatsApp पर शेयर करें
भाईदूज के दिन बेटे ने पिता को लोहे की रॉड से पीटा, पेट्रोल डालकर लगाई आग, इलाज के दौरान मौत

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0