गतवा रेलवे फाटक के पास युवक से चाकू की नोक पर लूट, नाबालिग भी शामिल

बिलासपुर में देर रात अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब सुनसान रास्तों से गुजरना भी सुरक्षित नहीं रह गया है। कोटा थाना क्षेत्र में देर रात दोस्त के घर से अपने घर लौट रहे एक युवक को बदमाशों ने निशाना बनाया। तीन से चार लोगों ने युवक का रास्ता रोककर पहले उसकी आंखों में मिर्ची पाउडर डाला और फिर चाकू दिखाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। इस घटना में विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता भी सामने आई है। पुलिस ने कुछ आरोपियों को पकड़ लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।दरअसल, घटना गतवा रेलवे फाटक के पास की है। कुरदूर निवासी शिवम कुमार रात करीब 3 बजे अपने दोस्त के घर से वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में मौजूद तीन से चार लोगों ने उसका रास्ता रोक लिया। युवक कुछ समझ पाता, उससे पहले ही आरोपियों ने उसकी आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दिया। इसके बाद चाकू दिखाकर उसे डराया और लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। अचानक हुए इस हमले से युवक घबरा गया और आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच और कार्रवाई शुरू की। पुलिस के मुताबिक वारदात में शामिल आरोपियों में विधि से संघर्षरत बालक भी हैं। मामले में शामिल कुछ लोगों को पकड़कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, जबकि एक अन्य व्यक्ति की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना को लेकर एएसपी मधुलिका सिंह ने बताया कि संबंधित क्षेत्र में लगातार पुलिस पेट्रोलिंग की जा रही है। खास बात यह है कि इस वारदात में शामिल बालक पड़ापारा क्षेत्र के रहने वाले हैं। पूर्व में भी इसी क्षेत्र के कुछ बच्चों की संलिप्तता वाली घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पुलिस अब केवल कानूनी कार्रवाई तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि इन बालकों के व्यवहार और पारिवारिक पृष्ठभूमि को भी समझने की कोशिश कर रही है। इसके लिए उनकी काउंसलिंग कराई जाएगी, सोशल बैकग्राउंड रिपोर्ट तैयार होगी और उनके माता-पिता को बुलाकर समझाइश दी जाएगी, ताकि कम उम्र में अपराध की ओर बढ़ रहे बच्चों को सही रास्ते पर लाया जा सके। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। वहीं इस घटना ने एक बार फिर रात के समय सुनसान इलाकों में सुरक्षा और पुलिस गश्त को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस की कार्रवाई से ऐसे अपराधों पर कितनी प्रभावी रोक लग पाती है।

Nov 12, 2026 - 15:19
 0  7
💬 WhatsApp पर शेयर करें
गतवा रेलवे फाटक के पास युवक से चाकू की नोक पर लूट, नाबालिग भी शामिल

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0