धान खरीदी की लिमिट और टोकन व्यवस्था पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, आंदोलन की चेतावनी
बिलासपुर – छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बेलतरा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी केशरवानी ने खरीदी केंद्रों में सीमित दैनिक खरीदी लिमिट, पर्याप्त टोकन नहीं मिलने और किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए हो रही परेशानी का मुद्दा उठाया है। उन्होंने सरकार से धान खरीदी की प्रक्रिया सरल और पारदर्शी बनाने के साथ किसानों को राहत देने की मांग की है। केशरवानी ने कहा कि सरकार किसानों से 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदने की बात कर रही है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि कई खरीदी केंद्रों में प्रतिदिन की खरीदी लिमिट सीमित है। पर्याप्त टोकन नहीं मिलने के कारण किसानों को अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है। कई किसानों को टोकन मिलने के बाद भी केंद्रों की कम खरीदी क्षमता के चलते धान बेचने में परेशानी हो रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकार 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदने का दावा कर रही है, तो खरीदी केंद्रों की दैनिक क्षमता और टोकन की संख्या पर्याप्त क्यों नहीं रखी गई है? किसानों की फसल अलग-अलग समय पर तैयार होती है। ऐसे में सीमित खरीदी क्षमता और तय समय में पूरी उपज बेचने की बाध्यता किसानों के लिए मुश्किल बन रही है। केशरवानी ने कहा कि किसान खाद, बीज, मजदूरी और डीजल सहित खेती के दूसरे कामों के लिए सहकारी बैंकों और अन्य संस्थाओं से कर्ज लेते हैं। फसल बेचकर उन्हें कर्ज चुकाना होता है और अगली फसल की तैयारी करनी होती है। लेकिन समय पर टोकन नहीं मिलने और धान की खरीदी नहीं होने से उनकी आर्थिक परेशानी बढ़ रही है।कांग्रेस ने MSP और सहायता राशि के गणित पर भी सरकार से जवाब मांगा है। केशरवानी के मुताबिक, पिछले तीन वर्षों में केंद्र सरकार ने MSP में 258 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की है। वहीं राज्य सरकार द्वारा घोषित 3100 रुपये प्रति क्विंटल की कुल दर से तुलना करने पर अंतर सहायता राशि 917 रुपये से घटकर 659 रुपये रह गई है। कांग्रेस ने इस पूरे गणित को सार्वजनिक करने की मांग की है। इसके अलावा कृषक उन्नति योजना के तहत 13 हजार 839 रुपये प्रति एकड़ सहायता की पात्रता, गणना, सत्यापन और भुगतान की समय-सीमा स्पष्ट करने की मांग भी उठाई गई है। कांग्रेस का कहना है कि मैदानी और पहाड़ी क्षेत्रों की कृषि परिस्थितियों और वास्तविक उत्पादन को ध्यान में रखकर खरीदी और सहायता की व्यवस्था होनी चाहिए।केशरवानी ने सरकार से खरीदी केंद्रों की दैनिक लिमिट बढ़ाने, पर्याप्त टोकन जारी करने और निर्धारित अवधि में प्रत्येक पात्र किसान का पूरा धान खरीदने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस किसानों के साथ चरणबद्ध आंदोलन करेगी। जरूरत पड़ने पर पूरे बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में व्यापक किसान जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


