सेंट्रल यूनिवर्सिटी में फिर चोरी, सुरक्षा पर हर महीने 30 लाख खर्च फिर भी चोर बेखौफ
बिलासपुर। बिलासपुर की गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी एक बार फिर चोरी की वारदात को लेकर सुर्खियों में है। विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा के नाम पर हर महीने करीब 30 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं, इसके बावजूद चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला कॉमर्स विभाग की कंप्यूटर लैब का है, जहां चोरों ने हजारों रुपये के कंप्यूटर उपकरण पार कर दिए। दरअसल, चोरों ने कॉमर्स विभाग की लैब को निशाना बनाते हुए पांच सीपीयू और पांच यूपीएस की बैटरियों समेत करीब 70 हजार रुपये के कंप्यूटर उपकरण चोरी कर लिए। घटना की जानकारी सामने आने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया। विभागाध्यक्ष ने इस संबंध में कोनी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की वारदात कब और किस तरह अंजाम दी गई। साथ ही परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है। गौर करने वाली बात यह है कि सेंट्रल यूनिवर्सिटी में पहले भी चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं होना कई सवाल खड़े कर रहा है। जब सुरक्षा पर हर महीने लाखों रुपये खर्च हो रहे हैं, तो आखिर चोर विश्वविद्यालय परिसर में इतनी आसानी से कैसे वारदात को अंजाम दे रहे हैं? फिलहाल कोनी पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है, लेकिन बार-बार हो रही चोरी की घटनाओं ने विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


