विधायक सुशांत शुक्ला का दीपावली स्नेह मिलन समारोह, विभिन्न समाजों और कार्यकर्ताओं की रही बड़ी भागीदारी
बिलासपुर। बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला के नेतृत्व में राजकिशोर नगर स्थित ओम पैलेस में भव्य दीपावली स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, वरिष्ठजन, भाजपा कार्यकर्ता, मातृशक्ति, युवा साथी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल हुए। आत्मीयता और उत्साह से भरे आयोजन में दीपावली की खुशियां साझा करने के साथ सामाजिक समरसता और संगठनात्मक एकजुटता का संदेश दिया गया। समारोह में उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। संगीतमय प्रस्तुतियों ने आयोजन में उत्साह और उमंग का माहौल बनाया। विधायक सुशांत शुक्ला ने उपस्थितजनों के साथ स्नेहभोज में सहभागिता की और आत्मीय संवाद करते हुए सभी का कुशलक्षेम जाना। राजा पाण्डेय ने की आयोजनों की सराहना कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पाण्डेय ने विधायक सुशांत शुक्ला की पहल की सराहना करते हुए कहा कि उनके विधायक बनने के बाद बेलतरा विधानसभा में सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को नई पहचान मिली है। तीजा तिहार पर मातृशक्ति के सम्मान में आयोजन, बेलतरा महोत्सव के माध्यम से सांस्कृतिक पहचान को प्रोत्साहन और दीपावली स्नेह मिलन जैसे कार्यक्रम समाज के सभी वर्गों को जोड़ने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेलतरा में इस तरह के आयोजन पहले देखने को नहीं मिलते थे। अब विभिन्न समाजों, सामाजिक संगठनों और पार्टी कार्यकर्ताओं को एक मंच पर मिलने तथा संवाद करने का अवसर मिल रहा है। इन आयोजनों से कार्यकर्ताओं में भी जबरदस्त उत्साह है और सामाजिक समरसता, सद्भाव एवं संगठनात्मक एकजुटता मजबूत हो रही है। समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने का प्रयास विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि दीपावली केवल दीपों का पर्व नहीं, बल्कि प्रेम, विश्वास, सद्भाव और आत्मीयता का उत्सव है। बेलतरा विधानसभा का प्रत्येक परिवार उनके लिए अपने परिवार की तरह है। समारोह में वरिष्ठजनों का आशीर्वाद, कार्यकर्ताओं का उत्साह, मातृशक्ति का स्नेह, युवाओं की ऊर्जा और विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति देखकर उन्हें बेहद खुशी हुई। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में लोगों का स्नेह, विश्वास और सहयोग सबसे बड़ी पूंजी है। ऐसे आयोजन केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि लोगों को करीब लाने और रिश्तों को मजबूत बनाने का माध्यम हैं। उन्होंने बेलतरा विधानसभा में सामाजिक समरसता, भाईचारे और पारिवारिक अपनत्व की परंपरा को निरंतर मजबूत करने की बात कही तथा सभी के सहयोग और आशीर्वाद के लिए आभार जताया। समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, भाजपा जिलाध्यक्ष मोहित जायसवाल, छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पाण्डेय सहित विभिन्न समाजों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, वरिष्ठजन, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। दीपावली स्नेह मिलन समारोह ने आपसी प्रेम, सामाजिक सौहार्द और सामूहिक एकजुटता की भावना को और प्रगाढ़ किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


