धान खरीदी की अव्यवस्थाओं पर बेलतरा के किसानों का कलेक्टर कार्यालय में हल्लाबोल, विजय केशरवानी के नेतृत्व में सौंपा ज्ञापन

पौसरा और सेमरताल खरीदी केंद्रों में 1,128 किसान प्रभावित, 192 किसानों का रकबा शून्य दर्ज समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस करेगी किसान जनआंदोलन........धान खरीदी शुरू होते ही बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में किसानों की समस्याएं सामने आने लगी हैं। ऑनलाइन रिकॉर्ड में रकबा शून्य दर्ज होने, वास्तविक रकबे से कम जमीन दर्ज होने और फसल की गलत प्रविष्टियों के चलते बड़ी संख्या में किसान अपनी उपज बेचने को लेकर परेशान हैं। इन समस्याओं को लेकर पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं बेलतरा विधानसभा के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी विजय केशरवानी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसानों ने जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और तत्काल समाधान की मांग की। किसानों ने कलेक्टर के सामने डिजिटल गिरदावरी, भुइयां पोर्टल, एग्रीस्टैक, फार्मर आईडी और पीवी एप में दर्ज विसंगतियों का मुद्दा उठाया। उन्होंने पूरे बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के सभी धान खरीदी केंद्रों में पंजीयन एवं ऑनलाइन रिकॉर्ड की जांच कराने तथा प्रभावित किसानों के रकबे में तत्काल सुधार कर उन्हें पूरी उपज बेचने का अवसर देने की मांग की। दो खरीदी केंद्रों में 1,128 किसान प्रभावित कांग्रेस द्वारा प्रस्तुत आंकड़ों के मुताबिक पौसरा और सेमरताल धान खरीदी केंद्रों में समस्या की गंभीरता सामने आई है। पौसरा केंद्र में कुल 804 पंजीकृत किसानों में से 714 किसान प्रभावित बताए गए हैं। इनमें 94 किसानों का रकबा शून्य दर्ज है। वहीं सेमरताल केंद्र में 920 पंजीकृत किसानों में से 414 किसान प्रभावित हैं, जबकि 98 किसानों का रकबा शून्य दर्ज किया गया है। इस प्रकार दोनों केंद्रों के कुल 1,724 पंजीकृत किसानों में से 1,128 किसान प्रभावित हैं और 192 किसानों का रकबा शून्य दर्ज है। कांग्रेस ने आशंका जताई है कि बेलतरा विधानसभा के अन्य खरीदी केंद्रों में भी ऐसी विसंगतियां हो सकती हैं। इसलिए सभी केंद्रों की जांच आवश्यक है। कर्ज लेकर खेती करने वाले किसान धान बेचने के लिए परेशान इस दौरान विजय केशरवानी ने कहा कि किसान बीज, खाद, कीटनाशक और खेती के अन्य संसाधनों के लिए सहकारी बैंकों से ऋण लेकर फसल तैयार करता है। उसे उम्मीद रहती है कि धान बेचकर वह कर्ज चुकाएगा और परिवार की जरूरतों के साथ अगली फसल की तैयारी करेगा। लेकिन खरीदी के समय सरकारी रिकॉर्ड में रकबा शून्य या कम दर्ज होने से किसान अपनी ही उपज बेचने के लिए परेशान हो रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि किसान की कोई गलती नहीं है और ऑनलाइन रिकॉर्ड में तकनीकी या प्रशासनिक त्रुटि है, तो उसकी सजा किसान को क्यों भुगतनी पड़े? रिकॉर्ड सुधारने की जिम्मेदारी प्रशासन की है। किसानों को अलग-अलग विभागों के चक्कर लगाने के बजाय समय पर राहत मिलनी चाहिए। पटवारी हड़ताल के बीच वैकल्पिक व्यवस्था की मांग केशरवानी ने कहा कि डिजिटल सर्वे, गिरदावरी और विभिन्न ऑनलाइन पोर्टल में दर्ज गलतियों का खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। रकबा सत्यापन और रिकॉर्ड सुधार में पटवारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है, लेकिन पटवारी संघ की हड़ताल के कारण राजस्व संबंधी काम प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में जिला प्रशासन को वैकल्पिक अधिकृत कर्मचारियों की व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि किसानों के रिकॉर्ड में सुधार का काम न रुके। उन्होंने कहा कि धान खरीदी की अवधि सीमित है। समय रहते विसंगतियां दूर नहीं हुईं तो कई पात्र किसान अपनी मेहनत से तैयार की गई फसल बेचने से वंचित हो सकते हैं। कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में रखीं प्रमुख मांगें कांग्रेस और किसानों ने प्रशासन से पूरे बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के धान खरीदी केंद्रों में रकबा पंजीयन एवं ऑनलाइन रिकॉर्ड की जांच, शून्य रकबा दर्ज किसानों का प्राथमिकता से भौतिक सत्यापन, गलत प्रविष्टियों में सुधार और डिजिटल गिरदावरी सहित संबंधित पोर्टल की तकनीकी समस्याओं का निराकरण कराने की मांग की। इसके अलावा बिना उचित जांच किसानों पर रकबा समर्पण का दबाव नहीं बनाने, पटवारी हड़ताल के दौरान वैकल्पिक कर्मचारियों की व्यवस्था करने, विशेष सहायता शिविर लगाने तथा प्रशासनिक या तकनीकी खामियों से प्रभावित पात्र किसानों को अपनी पूरी उपज बेचने का पर्याप्त अवसर देने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है। कांग्रेस ने लापरवाही के लिए जिम्मेदारी तय करने की भी मांग की। समाधान नहीं हुआ तो बेलतरा में होगा किसान जनआंदोलन विजय केशरवानी ने कहा कि किसानों की समस्याओं को महज तकनीकी त्रुटि बताकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। केवल दो खरीदी केंद्रों में 1,128 किसानों का प्रभावित होना और 192 किसानों का रकबा शून्य दर्ज होना गंभीर विषय है। पूरे विधानसभा क्षेत्र में इसकी व्यापक जांच होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जिला प्रशासन ने तत्काल जांच कर रकबे की विसंगतियों को दूर नहीं किया और प्रभावित किसानों को अपनी पूरी उपज बेचने का अवसर नहीं दिया, तो कांग्रेस किसानों के साथ चरणबद्ध आंदोलन करेगी। जरूरत पड़ने पर पूरे बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में व्यापक किसान जनआंदोलन किया जाएगा। इस दौरान धनंजय सिंह ठाकुर, शीतल दास मानिकपुरी, विकास लाशकर, ध्रुव कुमार साहू, यदुनंदन कौशिक, विनोद साहू, हितेश देवांगन, जानू कौशिक, सुनील सोनकर, रामचरण कश्यप, बसंत यादव, आकाश यादव, अंशु यादव, अमन दास, संतोष कुमार केवट, सत्रोहन कश्यप, समीर यादव, राकेश कौशिक, फिरंता साहू, सुखदेव साहू, सनत धुरी, राजकुमार बघेल, ओमप्रकाश भार्गव, प्रेमसागर, जगन्नाथ भार्गव, रामकुमार लाशकर, ऋषि भार्गव, रामकुशल, रोहित एवं शिवकुमार साहू सहित बड़ी संख्या में किसान और कांग्रेसजन उपस्थित रहे। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि किसानों को उनकी उपज बेचने का अधिकार मिलना चाहिए और सरकारी रिकॉर्ड की त्रुटियों को समय रहते सुधारना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

Nov 18, 2026 - 19:33
 0  4
💬 WhatsApp पर शेयर करें
धान खरीदी की अव्यवस्थाओं पर बेलतरा के किसानों का कलेक्टर कार्यालय में हल्लाबोल, विजय केशरवानी के नेतृत्व में सौंपा ज्ञापन

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Rakesh Mishra कांटेक्ट नंबर - 9827171483