बेलतरा में करोड़ों के विकास कार्यों की घोषणा, लेकिन धरातल पर काम नजर नहीं आने का आरोप; किसानों के रकबे में बदलाव और धान खराब होने पर भी उठाए सवाल
बिलासपुर– बेलतरा विधानसभा में विकास कार्यों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हुए हैं। पूर्व विधानसभा प्रत्याशी विजय केशरवानी ने क्षेत्रीय विधायक द्वारा करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की घोषणाओं पर सवाल उठाते हुए कहा है कि घोषणाओं के अनुरूप विकास कार्य धरातल पर दिखाई देने चाहिए। उन्होंने तीन साल में घोषित कार्यों की स्थिति, कितने काम स्वीकृत हुए, कितनों का भूमिपूजन और लोकार्पण हुआ तथा कौन से कार्य अब तक अधूरे हैं, इसका पूरा हिसाब सार्वजनिक करने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने धान खरीदी के दौरान किसानों के रकबे में बदलाव और धान खराब होने के मामलों पर भी चिंता जताई है। विजय केशरवानी ने कहा कि बेलतरा विधानसभा में कई सौ करोड़ रुपये के विकास कार्यों की घोषणाएं की गई हैं, लेकिन क्षेत्र में उन घोषणाओं के अनुरूप विकास नजर नहीं आ रहा है। उन्होंने मांग की कि पिछले तीन वर्षों में घोषित सभी कार्यों की सूची सार्वजनिक की जाए। कितने कार्य स्वीकृत हुए, कितनों का भूमिपूजन और लोकार्पण हुआ और कितने कार्य अभी तक अधूरे हैं, इसकी जानकारी जनता के सामने रखी जाए। केशरवानी ने कहा कि यदि विधायक द्वारा की गई घोषणाओं को धरातल पर अमलीजामा पहनाया जाता है और क्षेत्र में वास्तविक विकास दिखाई देता है, तो वे स्वयं विधायक की सराहना करेंगे। वहीं धान खरीदी को लेकर उन्होंने किसानों की समस्याओं पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि इस साल कई किसानों के रकबे में बदलाव होने से रकबा शून्य हो गया है, वहीं कुछ किसानों का धान खराब होने की समस्या भी सामने आई है। उन्होंने सरकार से मांग की कि ऐसे किसानों के हित में तत्काल दोबारा जांच और सुधार की व्यवस्था कर ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि कोई भी किसान धान बेचने के अधिकार से वंचित न रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


