बिलासपुर को मिलने जा रहा प्रदेश का दूसरा सबसे हाईटेक एसपी कार्यालय, 3 मंजिला भवन में होंगी आधुनिक सुविधाएं
बिलासपुर जिले की पुलिस व्यवस्था को जल्द ही एक नई पहचान मिलने जा रही है। जिला मुख्यालय में प्रदेश के दूसरे सबसे आधुनिक और सर्वसुविधायुक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय का निर्माण लगभग पूरा होने की ओर है। तीन मंजिला इस हाईटेक भवन में न केवल पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए बेहतर सुविधाएं होंगी, बल्कि आम जनता की सहूलियत का भी विशेष ध्यान रखा गया है। 24 या 25 नवंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और गृहमंत्री विजय शर्मा के हाथों नए भवन का लोकार्पण होने की संभावना है। इसे देखते हुए एसपी रजनेश सिंह ने अधिकारियों के साथ निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। अब बिलासपुर पुलिस की पहचान सिर्फ खाकी और कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि आधुनिक कार्यप्रणाली और हाईटेक सुविधाओं से भी जुड़ने जा रही है। नए एसपी कार्यालय का भवन तीन मंजिला बनाया जा रहा है, जिसमें करीब 60 अलग-अलग कक्ष होंगे। यहां अधिकारियों के कार्यालय, रीडर शाखा, ग्रामीण मुख्यालय, रिकॉर्ड रूम और अन्य प्रशासनिक शाखाओं के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है। भवन में आधुनिक तकनीक से लैस स्मार्ट सेमिनार हॉल भी तैयार किया जा रहा है, जहां वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और प्रेजेंटेशन जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। खास बात यह है कि नए कार्यालय में आम नागरिकों की सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा गया है। फरियाद लेकर आने वाले लोगों के लिए अलग से अतिथि कक्ष बनाया जा रहा है, ताकि उन्हें अपनी शिकायतों और समस्याओं के लिए भटकना न पड़े। वहीं पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए परिसर के भीतर ही आधुनिक कैंटीन की व्यवस्था भी की जा रही है। एसपी रजनेश सिंह ने अधिकारियों के साथ निर्माण कार्यों का जायजा लेकर तैयारियों का निरीक्षण किया है। संभावना जताई जा रही है कि 24 या 25 नवंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रदेश के वरिष्ठ मंत्रियों की मौजूदगी में इस नए भवन का लोकार्पण किया जाएगा। नया भवन सिर्फ पुलिस का नया कार्यालय नहीं, बल्कि आधुनिक पुलिसिंग, बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था और आम जनता को सुविधाजनक सेवाएं देने की दिशा में बिलासपुर पुलिस का एक नया कदम माना जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


