आंध्रा समाज कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय में हर्षोल्लास के साथ आयोजित हुआ बाल मेला

बिलासपुर....आंध्रा समाज कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, हिन्दी एवं अंग्रेजी माध्यम, रेलवे परिक्षेत्र बिलासपुर में आज बाल मेले का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच, तकनीकी ज्ञान एवं सांस्कृतिक विविधता का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि आंध्रा समाज स्कूल की पूर्व प्राचार्या श्रीमती डी. एस. लक्ष्मी थीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में सी. नवीन कुमार, सचिव, एनईआई बिलासपुर, एन. वी. राव, पूर्व प्राचार्य आंध्रा समाज स्कूल तथा एन. रमना मूर्ति, अध्यक्ष आंध्रा समाज बिलासपुर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर आंध्रा समाज के सचिव पी. श्रीनिवास राव, कोषाध्यक्ष टी. रमेश बाबू, उपाध्यक्ष डी. एन. प्रसाद, सह सचिव ए. सत्यनारायण सहित आर. प्रसाद राव, जी. रमेश चंद्रा, जी. रामदास, जी. एस. पटनायक, श्रीमती ए. शोभा नायडू, वीरा स्वामी, श्रीमती वाई. शारदा, एस. एम. वेधुला सहित समाज के अनेक गणमान्य सदस्य, शिक्षकगण, अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित थे बाल मेले में विज्ञान, तकनीक एवं आधुनिक डिजिटल युग की झलक बाल मेले में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा एवं कल्पनाशीलता का शानदार प्रदर्शन किया। भारत के विभिन्न राज्यों की पारंपरिक वेशभूषा धारण कर विद्यार्थियों ने देश की सांस्कृतिक विविधता, परंपरा एवं एकता को प्रदर्शित किया। मेले में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से संबंधित विभिन्न मॉडल और प्रदर्शनियां लगाई गईं। विशेष रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), सोशल मीडिया, यूपीआई (UPI) डिजिटल ट्रांजेक्शन, आधुनिक तकनीक, सोशल मीडिया के फायदे एवं नुकसान जैसे समसामयिक विषयों पर विद्यार्थियों ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह संदेश दिया कि आधुनिक तकनीक का सही एवं सुरक्षित उपयोग शिक्षा, संचार और दैनिक जीवन को सरल एवं उपयोगी बना सकता है। दक्षिण भारतीय व्यंजनों एवं मनोरंजक कार्यक्रमों ने मोहा मन बाल मेले में दक्षिण भारतीय पारंपरिक व्यंजनों के आकर्षक स्टॉल लगाए गए, जहां विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों का प्रदर्शन किया गया। इसके अलावा विद्यार्थियों द्वारा तैयार किया गया भूत बंगला तथा अन्य मनोरंजक गतिविधियां मेले का विशेष आकर्षण रहीं। प्रत्येक स्टॉल पर विद्यार्थियों का उत्साह, आत्मविश्वास एवं अपनी प्रतिभा को प्रस्तुत करने का कौशल देखते ही बनता था। विद्यार्थियों ने स्वयं अपने स्टॉलों का संचालन करते हुए व्यावहारिक ज्ञान, टीम भावना, प्रबंधन क्षमता एवं आत्मनिर्भरता का परिचय दिया। अतिथियों ने विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न विज्ञान एवं तकनीकी मॉडल, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तथा व्यंजन स्टॉलों का अवलोकन किया और उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बाल मेले जैसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास, रचनात्मकता एवं व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विज्ञान, तकनीक, संस्कृति, सामाजिक जागरूकता एवं व्यावहारिक अनुभव भी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव हैं। विशिष्ट अतिथि श्री नवीन कुमार ने इस मेले में खुश होकर बाल मेले में भाग लिए बच्चे को उपहार देने की घोषणा की अंत में आंध्रा समाज के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा बाल मेले को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों को धन्यवाद दिया।

Nov 23, 2026 - 06:34
 0  1
💬 WhatsApp पर शेयर करें
आंध्रा समाज कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय में हर्षोल्लास के साथ आयोजित हुआ बाल मेला

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Rakesh Mishra कांटेक्ट नंबर - 9827171483