धान खरीदी का आगाज, कलेक्टर संजय अग्रवाल ने खुद कराई पहले किसान के धान की तौल
बिलासपुर - छत्तीसगढ़ में धान खरीदी महाअभियान का आज से आगाज हो गया है। बिलासपुर जिले के 154 धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पहले दिन बिल्हा ब्लॉक के हरदी धान खरीदी केंद्र में पूजा-अर्चना के साथ खरीदी शुरू हुई। इस दौरान कलेक्टर संजय अग्रवाल भी केंद्र पहुंचे और अपनी मौजूदगी में किसान के धान की तौल कराई। वहीं खरीदी की व्यवस्था देखकर किसान भी संतुष्ट नजर आए। धान खरीदी के पहले दिन हरदी उपार्जन केंद्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन की पूजा-अर्चना कर खरीदी की शुरुआत की गई। केंद्र पहुंचे पहले किसान विजय कुमार धुरी का माला पहनाकर और नारियल भेंट कर स्वागत किया गया। इसके बाद उनके 12 क्विंटल 40 किलो महामाया धान की तौल कर खरीदी की गई। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने खुद केंद्र पहुंचकर खरीदी प्रक्रिया का जायजा लिया और अपनी मौजूदगी में धान की तौल कराई। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को धान बेचने में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संचालित की जाए। इस दौरान कलेक्टर ने किसानों को एक और महत्वपूर्ण जानकारी दी। अब निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने वाले किसानों को भी प्रति एकड़ के हिसाब से एकसमान आदान सहायता राशि का लाभ मिलेगा। जिले में इस खरीफ विपणन वर्ष के लिए करीब 1 लाख 36 हजार किसानों ने पंजीयन कराया है। हरदी केंद्र में ही 1,139 किसान पंजीकृत हैं। यहां हरदी, बसिया और कोरमी गांव के किसान अपनी उपज बेचते हैं। कलेक्टर ने धान के सुरक्षित भंडारण के लिए पर्याप्त स्टैकिंग और किसानों की सुविधा के लिए जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए। पहले दिन अपनी उपज बेचने के बाद किसान विजय कुमार धुरी भी खरीदी व्यवस्था से संतुष्ट नजर आए। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में जिले के सभी 154 केंद्रों में खरीदी की रफ्तार कैसी रहती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


