सरगुजा: खेत में लावारिस मिली रोती हुई नवजात बच्ची, ग्रामीणों की सतर्कता से बची जान,
खेत में मिली लावारिस नवजात: सरगुजा जिले के दरिमा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक खेत में लावारिस हालत में नवजात बच्ची मिली। अंग्रेजी शराब दुकान के पास मुख्य मार्ग से करीब 500 मीटर अंदर खेत से रोने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जहां कपड़े में लिपटी नवजात बच्ची पड़ी मिली। ग्रामीणों की तत्परता से बची जान: ग्रामीणों ने बिना देर किए बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला और तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दरिमा पहुंचाया। स्वास्थ्यकर्मियों ने प्राथमिक उपचार और देखरेख के बाद बेहतर चिकित्सा निगरानी के लिए बच्ची को 112 वाहन की मदद से जिला अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया। मंत्री राजेश अग्रवाल ने दिए निर्देश: घटना की जानकारी मिलते ही छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर बच्ची के स्वास्थ्य का हाल जाना। उन्होंने नवजात को उत्कृष्ट चिकित्सा सुविधा और सुरक्षा उपलब्ध कराने के स्पष्ट निर्देश दिए। मां और परिजनों की तलाश में पुलिस: बच्ची को खुले खेत में किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा, इसका पता लगाने के लिए पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों के अस्पतालों और हाल ही में हुए प्रसव के रिकॉर्ड खंगाल रही है ताकि नवजात के परिजनों की पहचान की जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


