बिलासपुर नगर निगम MIC की बैठक: 41 विकास प्रस्तावों पर चर्चा, तिलक नगर में 1.96 करोड़ से बनेगा ऑक्सीजोन
नगर निगम के दृष्टि सभा कक्ष में मंगलवार को महापौर पूजा विधानी की अध्यक्षता में मेयर-इन-काउंसिल (एमआईसी) की अहम बैठक आयोजित की गई। पिछली तीन लगातार बैठकों में हुए हंगामे के बाद इस बार की बैठक पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। बैठक में नगर निगम कमिश्नर प्रकाश सर्वे सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। इस दौरान शहर के विकास और निर्माण कार्यों से जुड़े कुल 41 प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा कर निर्णय लिए गए। बैठक के प्रमुख निर्णय एवं स्वीकृतियां: तिलक नगर में ऑक्सीजोन निर्माण: वार्ड क्रमांक 18 (तिलक नगर) में ऑक्सीजोन उद्यान के निर्माण के लिए 1 करोड़ 96 लाख 96 हजार रुपये का विस्तृत प्राक्कलन (एस्टीमेट) तैयार किया गया। एमआईसी ने इसकी प्रशासकीय स्वीकृति हेतु प्रस्ताव नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग को भेजने की अनुमति दी। सामुदायिक भवन व अन्य निर्माण: तिलक नगर सामुदायिक भवन में बाउंड्रीवाल, गेट और शौचालय निर्माण के लिए 20 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति शासन से प्राप्त करने का प्रस्ताव पारित हुआ। सड़क एवं नाली निर्माण: वार्ड 45 में सीसी सड़क के स्थल परिवर्तन पर सहमति बनी। साथ ही वार्ड 15 में आरसीसी नाली निर्माण समेत विभिन्न वार्डों में सड़क और नालियों के करोड़ों रुपये के निर्माण कार्यों को स्वीकृति दी गई। शहर की प्रकाश व्यवस्था: शहर के अलग-अलग वार्डों, रोड डिवाइडर और उद्यानों में स्ट्रीट लाइट व प्रकाश व्यवस्था सुचारू रखने के लिए 80 अकुशल श्रमिकों को रखने हेतु न्यूनतम दर वाली निविदा को मंजूरी दी गई। संविदा नियुक्ति एवं पदोन्नति: एक दिन पहले अधीक्षक पद से सेवानिवृत्त हुए सत्यनारायण देवांगन को एक साल की संविदा नियुक्ति देने का प्रस्ताव फाइनल किया गया। इसके साथ ही 5 कर्मचारियों की पदोन्नति (प्रमोशन) को भी मंजूरी दी गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0




