डोंगरगढ़: आबकारी विभाग की नाकेबंदी में पकड़ी गई अवैध शराब, 45 पेटी MP निर्मित अंग्रेजी शराब व स्कॉर्पियो जब्त;
डोंगरगढ़ क्षेत्र में पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश से अवैध शराब लाकर खपाने की एक बड़ी कोशिश को आबकारी विभाग ने नाकाम कर दिया है। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर आबकारी अमले ने घेराबंदी करते हुए एक स्कॉर्पियो से मध्य प्रदेश निर्मित अंग्रेजी शराब की 45 पेटियां बरामद की हैं। हालांकि, कार्रवाई के दौरान वाहन में सवार शराब तस्कर गाड़ी छोड़कर मौके से भागने में सफल रहे। झिंझारी-मडियान मार्ग पर की गई थी नाकेबंदी: आबकारी विभाग को इनपुट मिला था कि चारपहिया वाहन के माध्यम से मध्य प्रदेश निर्मित अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप इलाके में लाई जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी अनिल सिंह के नेतृत्व में टीम ने झिंझारी और मडियान रोड के बीच त्वरित नाकेबंदी की। संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान रायपुर पासिंग स्कॉर्पियो को रोककर जब तलाशी ली गई, तो उसके भीतर 45 पेटियां अंग्रेजी शराब भरी मिलीं। शराब व स्कॉर्पियो जब्त, आरोपियों की सरगर्मी से तलाश: कार्रवाई के दौरान स्कॉर्पियो में मौजूद आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। आबकारी टीम ने शराब की पूरी खेप और तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो को कब्जे में ले लिया है। विभाग अब वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके वास्तविक मालिक और मौके से भागे तस्करों की पहचान करने में जुटा है। सप्लाई नेटवर्क की कड़ियां खंगालने में जुटा विभाग: इतनी बड़ी तादाद में दूसरे राज्य की शराब मिलने के बाद मामले की कड़ियां व्यापक स्तर पर जोड़ी जा रही हैं। आबकारी विभाग इस बिंदु पर जांच कर रहा है कि यह खेप मध्य प्रदेश के किस डिपो या ठेके से उठाई गई थी और डोंगरगढ़ व आसपास के इलाकों में इसे किन स्थानीय नेटवर्क या धंधेबाजों तक पहुंचाया जाना था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


