मस्तूरी: कोनी उचित मूल्य दुकान में चावल हेरफेर का आरोप, उपसरपंच ने एसडीएम से की जांच की मांग
मस्तूरी। ग्राम पंचायत कोनी की शासकीय उचित मूल्य दुकान में बड़ी अनियमितता का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत के उपसरपंच ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), मस्तूरी को लिखित शिकायत सौंपकर राशन दुकान के स्टॉक और वितरण व्यवस्था की जांच कराने तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। 222 क्विंटल चावल खुर्द-बुर्द करने का आरोप शिकायत पत्र के अनुसार, ग्राम पंचायत कोनी की राशन दुकान (आईडी क्रमांक 2003) के संचालक ईश्वर पोर्ते पर स्टॉक के चावल को खुले बाजार में बेचने का आरोप है। शिकायतकर्ता का दावा है कि दुकान को कुल 245 क्विंटल चावल आवंटित हुआ था, जिसमें से लगभग 222 क्विंटल चावल बेच दिया गया। दुकान में पर्याप्त चावल उपलब्ध न होने से हितग्राहियों को राशन के लिए परेशान होना पड़ रहा है। ई-पॉस मशीन में फर्जीवाड़े की आशंका शिकायत में यह गंभीर आरोप भी लगाया गया है कि ई-पॉस मशीन के जरिए आगामी माह के राशन का उठाव दिखाकर अग्रिम बिलिंग की जा रही है, जिससे वितरण व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। भौतिक सत्यापन और कार्रवाई की मांग उपसरपंच ने आवेदन में बताया कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों को समय पर राशन नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, दुकान के स्टॉक का भौतिक सत्यापन और आरोप सही पाए जाने पर संचालक के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस शिकायत पर क्या कदम उठाता है और जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


