महासमुंद में आधी रात घर में घुसा तेंदुआ: एक ही परिवार के 6 लोगों पर हमला कर किया लहुलूहान, सूझबूझ से कमरे में किया बंद;
महासमुंद (छत्तीसगढ़): जिले के बागबाहरा वनपरिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम झिटकी में आधी रात एक खौफनाक मंजर देखने को मिला। रात करीब 1:30 बजे यादव परिवार के घर में घुसे एक तेंदुए ने ताबड़तोड़ हमला कर एक ही परिवार के छह सदस्यों को घायल कर दिया। इनमें से तीन की हालत नाजुक है। परिजनों ने अदम्य साहस दिखाते हुए तेंदुए को एक कमरे में बंद कर दिया, जिससे अन्य सदस्यों की जान बच गई। शौच के लिए निकली महिला पर अचानक झपटा तेंदुआ घटना उस वक्त हुई जब परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे। रात करीब डेढ़ बजे उत्तरी बाई बाथरूम जाने के लिए बाहर निकलीं, तभी घर के बाहर घात लगाए बैठे तेंदुए ने उन पर अचानक हमला बोल दिया। चीख-पुकार के बीच घर में घुसा, 6 लोगों को नोचा महिला पर हमला करने के बाद तेंदुआ सीधे घर के अंदर घुस गया और सो रहे लोगों पर झपट पड़ा। अचानक हुए इस हमले से घर में अफरा-तफरी मच गई। हमले में उत्तरी बाई (चेहरे व गले पर चोट), सुनीता यादव (आंख व चेहरे पर चोट), मनीष यादव (हाथ-पैर में गंभीर चोट) सहित सरजू यादव, जनक यादव और तुषार यादव घायल हो गए। साहस से टला बड़ा हादसा: कमरे में बंद किया तेंदुआ घर में करीब 10 सदस्य मौजूद थे। चीख-पुकार और दहशत के बीच परिवार के सदस्यों ने गजब की हिम्मत दिखाई। जनक यादव और उत्तरी बाई समेत अन्य लोगों ने सूझबूझ से तेंदुए को घर के एक कमरे में धकेलकर बाहर से दरवाजा बंद कर दिया। कमरे में बंद होने की वजह से बाकी सदस्य तेंदुए के हमले से बच गए। 3 घायलों की हालत नाजुक, रायपुर रेफर ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची डायल 112 की टीम ने सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें महासमुंद मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां से तीन गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया है। रायपुर से बुलाई गई रेस्क्यू टीम सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा। तेंदुआ अभी भी मकान के कमरे में बंद है। उसे सुरक्षित पकड़ने के लिए रायपुर से विशेष रेस्क्यू टीम बुलाई गई है। वन अमला मौके पर मुस्तैद है और गांव में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


