रायपुर में गुमशुदगी पर बड़ा एक्शन: 24 घंटे में दर्ज हुए अपहरण के 132 केस,
रायपुर (छत्तीसगढ़): राजधानी रायपुर में लापता लोगों की तलाश को लेकर पुलिस प्रशासन ने अपनी कार्यशैली पूरी तरह बदल दी है। सुप्रीम कोर्ट के सख्त निर्देशों के बाद, पिछले 24 घंटे के भीतर गुमशुदगी के 132 पुराने मामलों को अपहरण (Kidnapping) की एफआईआर में तब्दील किया गया है। इनमें रायपुर पुलिस कमिश्नरी क्षेत्र के 92 और ग्रामीण रायपुर के 40 प्रकरण शामिल हैं। गुम इंसान नहीं, अब सीधे दर्ज होगी अपहरण की FIR पहले अमूमन 18 साल से कम उम्र के बच्चों के लापता होने पर ही अपहरण का केस दर्ज किया जाता था, जबकि बालिगों के मामले में केवल 'गुम इंसान' की डायरी दर्ज होती थी। सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के तहत अब मई-जून से लापता और अब तक अनसुलझे मामलों की समीक्षा कर सीधे अपहरण की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर विशेष टीमें गठित की जा रही हैं। इसी कड़ी में खमतराई पुलिस ने प्रतीक राय गुमशुदगी मामले को अपहरण में बदलते हुए उत्तर प्रदेश से 3 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। छत्तीसगढ़ में 16 हजार से अधिक लोग अब भी लापता पुलिस के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2021 से अप्रैल 2026 तक राज्य में कुल 1,03,766 लोग लापता दर्ज हुए। इनमें से 87,035 लोगों को सुरक्षित बरामद कर लिया गया, जबकि 16,731 लोग (लगभग 16.13%) अब भी लापता हैं, जिनकी तलाश प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है। 'ऑपरेशन मुस्कान' और 'तलाश' से मिली बड़ी सफलता लापता लोगों की खोजबीन के लिए चलाए गए विशेष अभियानों के तहत केवल अप्रैल माह में ही प्रदेशभर से 4,056 लोगों को दस्तयाब किया गया। इनमें 545 बच्चे (75 लड़के, 470 लड़कियां) और 3,511 वयस्क (972 पुरुष, 2,539 महिलाएं) शामिल हैं। बरामदगी के मामले में दुर्ग से 683, बिलासपुर से 648 और रायपुर से 426 लोग बरामद किए गए। मानव तस्करी की आशंका पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश विधिक विशेषज्ञों के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट ने गुमशुदगी के मामलों में पुलिस की सीधी जवाबदेही तय की है। शिकायत मिलते ही शुरुआती घंटों में मानव तस्करी या किसी बड़ी साजिश की आशंका को ध्यान में रखकर तुरंत एफआईआर दर्ज करने और त्वरित फील्ड जांच शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं, जिसके चलते रायपुर पुलिस अब बालिगों के पुराने अनसुलझे मामलों में भी केस दर्ज कर सघन अभियान चला रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


