तलाक की राह में बच्चा बना बाधा.... पत्नी की मर्जी के बिना गर्भपात कराने का आरोप....पति और डॉक्टर पर FIR
बिलासपुर में तीन महीने की गर्भवती महिला का कथित तौर पर उसकी सहमति के बिना गर्भपात कराने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पति तलाक लेना चाहता था और उसे डर था कि बच्चे के जन्म के बाद तलाक लेने में परेशानी हो सकती है। इसी वजह से पति ने डॉक्टर के साथ मिलकर पत्नी का गर्भपात करा दिया। पीड़िता की शिकायत पर सिरगिट्टी पुलिस ने पति सुयश अग्रवाल और जेपी हॉस्पिटल की संचालक डॉ. उज्वला कराड़े के खिलाफ बीएनएस की धारा 89 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के गणेश नगर स्थित जेपी हॉस्पिटल का है। पीड़िता शेख अग्रवाल की शादी 26 अप्रैल 2026 को कोरबा जिले के रेस्टमोंगरा निवासी सुयश अग्रवाल से हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति उसे पसंद नहीं करता था और छोटी-छोटी बातों पर विवाद करता था। पति तलाक लेना चाहता था। इसी बीच महिला तीन महीने की गर्भवती हो गई। पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि पति को डर था कि बच्चे के जन्म के बाद तलाक लेना मुश्किल हो जाएगा। इसी वजह से उसने डॉक्टर के साथ मिलकर गर्भपात कराने की योजना बनाई। पीड़िता के मुताबिक, 13 नवंबर 2026 को उसे चेकअप के नाम पर जेपी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। यहां उसे बातों में उलझाकर कंसेंटमेंट यानी सहमति से जुड़े दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए गए। इसके बाद उसे गर्भपात का इंजेक्शन दिया गया। पीड़िता का आरोप है कि उसकी वास्तविक सहमति के बिना गर्भपात कराया गया। इस दौरान पति ने बच्चे की हार्टबीट कम होने की बात भी कही।14 नवंबर को पीड़िता अपनी मां, भाई और अन्य परिजनों के साथ सिरगिट्टी थाने पहुंची और पति सुयश अग्रवाल तथा डॉक्टर के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ बीएनएस की धारा 89 और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज की है।अब पुलिस अपोलो अस्पताल और जेपी हॉस्पिटल के मेडिकल रिकॉर्ड, भर्ती से जुड़े दस्तावेज, सहमति पत्र और इलाज की प्रक्रिया की जांच कर रही है। जांच का अहम बिंदु यही है कि गर्भपात के लिए महिला की कानूनी और वास्तविक सहमति ली गई थी या नहीं। इस पूरे मामले ने निजी अस्पतालों में मरीजों की सहमति और इलाज की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस की जांच में पति और डॉक्टर की भूमिका को लेकर क्या तथ्य सामने आते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


