बिलासपुर में अवैध गर्भपात के दो बड़े मामले: नाबालिग से दुष्कर्म के बाद अबॉर्शन कराने वाली महिला डॉक्टर गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में अवैध गर्भपात से जुड़े दो अलग-अलग सनसनीखेज मामले सामने आए हैं। पहला मामला तोरवा थाना क्षेत्र से जुड़ा है, जहां एक नाबालिग किशोरी का गैरकानूनी तरीके से गर्भपात कराने के आरोप में पुलिस ने एक महिला फिजियोथेरेपिस्ट डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। वहीं, दूसरा मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का है, जिसमें तीन माह की गर्भवती विवाहिता ने अपने पति और एक डॉक्टर पर साजिश रचकर बिना सहमति के गर्भपात कराने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति सुयश अग्रवाल और डॉक्टर उज्ज्वला कराडे के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तोरवा थाना इलाके में दर्ज पहले मामले के अनुसार, गणेश सोनी नामक युवक ने शादी का झांसा देकर एक नाबालिग किशोरी का शारीरिक शोषण किया। जब किशोरी गर्भवती हो गई, तो आरोपी ने उसलापुर निवासी 43 वर्षीय महिला फिजियोथेरेपिस्ट सुब्धा मसीह से संपर्क किया और उसकी मदद से किशोरी का गर्भपात करवा दिया। पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि सुब्धा मसीह के कहने पर ही आरोपी युवक ने भ्रूण को ले जाकर नदी में फेंक दिया था। पुलिस ने पहले मुख्य आरोपी गणेश सोनी को गिरफ्तार किया और उससे मिली जानकारी के आधार पर फिजियोथेरेपिस्ट सुब्धा मसीह को भी हिरासत में ले लिया। डॉक्टर को इस बात की पूरी जानकारी थी कि पीड़िता नाबालिग है, इसके बावजूद बिना किसी वैधानिक अनुमति के इस कृत्य को अंजाम दिया गया। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में सामने आए दूसरे मामले में कोरबा जिले की रहने वाली 24 वर्षीय आकांक्षा ने 14 नवंबर को अपने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। आकांक्षा की शादी इसी साल 26 अप्रैल 2026 को सुयश अग्रवाल के साथ हुई थी। पीड़िता का कहना है कि शादी के बाद से ही पति उसे नापसंद करता था, आए दिन विवाद करता था और तलाक लेना चाहता था। इसी बीच आकांक्षा तीन महीने की गर्भवती हो गई। महिला के मुताबिक, पति को इस बात का डर था कि बच्चे के जन्म के बाद तलाक की प्रक्रिया कठिन हो जाएगी, इसलिए उसने डॉक्टर के साथ मिलकर गर्भपात की साजिश रची। शिकायत में बताया गया है कि 13 नवंबर को आरोपी पति रूटीन चेकअप के बहाने आकांक्षा को बिलासपुर स्थित मल्टी स्पेशलिटी एंड वूमेन केयर क्लीनिक नर्सिंग होम (जेपी हॉस्पिटल) ले गया और वहां भर्ती करा दिया। पीड़िता का आरोप है कि अस्पताल में उसे बातों में उलझाकर बेहोशी का इंजेक्शन दिया गया और अचेत अवस्था में ही कुछ दस्तावेजों पर उसके हस्ताक्षर लेकर बिना मर्जी के गर्भपात कर दिया गया। जब आकांक्षा को होश आया, तो पति ने बच्चे की धड़कन कम होने का बहाना बनाया। फिलहाल पुलिस ने पति सुयश अग्रवाल और डॉक्टर उज्ज्वला कराडे के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश तेज कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


