रायगढ़ के जंगल में झुंड से बिछड़ा 2 साल का नन्हा हाथी: चिंघाड़कर ढूंढ रहा परिवार, मिलाने में जुटी वन विभाग की टीम
रायगढ़ (छत्तीसगढ़): जिले के बोरो वन परिक्षेत्र में अपने झुंड से बिछड़ा करीब 2 साल का एक हाथी शावक वन विभाग के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। नन्हा हाथी जंगल में अकेला भटक रहा है और बार-बार चिंघाड़कर अपने दल को तलाशने की कोशिश कर रहा है। वन अमला पूरी सतर्कता के साथ उसकी निगरानी कर रहा है ताकि उसे सुरक्षित तरीके से उसके परिवार से मिलाया जा सके। ग्रामीणों ने देखा अकेला, वन विभाग को दी सूचना बुधवार सुबह चाल्हा के बाजारदांड के पीछे राजस्व जंगल में ग्रामीणों ने इस नन्हे हाथी को अकेले घूमते देखा। आसपास हाथियों का कोई बड़ा दल नहीं दिखने पर ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को खबर दी। सूचना मिलते ही डीएफओ सत्यदेव शर्मा और बोरो रेंजर उमाशंकर पटेल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। 7 हाथियों के दल से पीछे छूटा शावक शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह शावक 7 हाथियों के दल का सदस्य था। रात के समय हाथियों का झुंड आगे निकल गया, जबकि शावक पीछे छूट गया। वर्तमान में उसका मूल झुंड क्रिंधा सर्किल के कुरूपानी क्षेत्र में मौजूद बताया जा रहा है। बोरो रेंज में इसके अलावा 14, 7 और 2 हाथियों के अन्य दल भी विचरण कर रहे हैं, जिससे शावक को उसी के सही दल तक पहुंचाना एक संवेदनशील कार्य बन गया है। पास जाने पर दौड़ा रहा शावक, दूर से दी गई खुराक बोरो रेंजर उमाशंकर पटेल के अनुसार, शावक इंसानों को पास नहीं आने दे रहा है और करीब जाने की कोशिश करने पर दौड़ाने लगता है। इसी वजह से हाथी मित्र दल, बोरो रेंज स्टाफ और उड़नदस्ता टीम सुरक्षित दूरी बनाकर उस पर नजर रख रहे हैं। पशु चिकित्सकों की सलाह पर शावक को दूर से केले और केले के पौधे दिए गए, जिसे उसने खा लिया, हालांकि उसने अभी पानी नहीं पिया है। गांवों में मुनादी, जंगल में जाने पर रोक वन विभाग ने चाल्हा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क कर दिया है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे उत्सुकतावश जंगल में न जाएं और शावक से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। फिलहाल वन विभाग का पूरा जोर शावक को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित उसके कुनबे तक पहुंचाने पर है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


