मतदाता सूची से नाम गायब! बिलासपुर में कांग्रेस का हल्लाबोल, CEC के इस्तीफे और FIR की मांग
बिलासपुर में मतदाता सूची (Voter List) से बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने को लेकर राजनीतिक घमासान मच गया है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उनके खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग को लेकर बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी और इंडिया गठबंधन ने एक संयुक्त प्रेसवार्ता की। नेताओं ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है और इस अन्याय के खिलाफ गुरुवार को बिलासपुर में एक बड़ा मार्च निकाला जाएगा। 72 हजार से अधिक मतदाताओं के नाम कटे! जिला शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा ने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के नाम पर बिलासपुर में खेल हुआ है। यहाँ करीब 72 से 73 हजार मतदाताओं के नाम सूची से काट दिए गए हैं, जिसके बाद अब सिर्फ 1 लाख 82 हजार मतदाता ही बचे हैं। उन्होंने कहा कि लाखों लोगों को तो यह पता भी नहीं है कि उनका वोट देने का अधिकार छीन लिया गया है। कांग्रेस और इंडिया गठबंधन इन लोगों के हक की लड़ाई लड़ रहा है। केंद्र और भाजपा पर साजिश का आरोप मिश्रा ने दावा किया कि यह गड़बड़ी देशव्यापी है और केंद्र के इशारे पर भाजपा के मंडल प्रभारियों के माध्यम से विपक्षी मतदाताओं को चिन्हित कर उनके नाम कटवाए गए हैं। बिलासपुर के तारनहार क्षेत्र का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि एक वार्ड में 108 मतदाताओं के नाम दूसरे कार्ड में जोड़ दिए गए थे, जिसे कांग्रेस के विरोध के बाद सुधारा गया। CEC के इस्तीफे और FIR पर अड़ा विपक्ष, कल कलेक्ट्रेट मार्च कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जब खुद निर्वाचन आयोग के दो अन्य आयुक्तों ने 10 महीनों में 14 बार इस गड़बड़ी (SIR प्रक्रिया) पर लिखित आपत्तियां दर्ज कराई थीं, तो उन्हें क्यों दबाया गया? ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने कहा कि देशभर में 13 करोड़ से अधिक नाम हटाए जाने की रिपोर्ट सामने आई है, जो बेहद चिंताजनक है। इसी मांग को लेकर गुरुवार को बिलासपुर के भीमराव अंबेडकर चौक से कलेक्टर कार्यालय (कलेक्ट्रेट) तक एक विशाल आक्रोश मार्च निकाला जाएगा। नेताओं ने चेतावनी दी है कि जब तक मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते और उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, यह आंदोलन जारी रहेगा। प्रेसवार्ता में पूर्व विधायक शैलेश पांडेय, कामरेड पवन शर्मा, संजय चौहान सहित इंडिया गठबंधन के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


