बिलासपुर में 18 से 20 सितंबर तक होगी 21वीं राज्य स्तरीय क्यूरुगी एवं 2री पुम्से ताइक्वांडो प्रतियोगिता
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ राज्य ताइक्वांडो संघ के तत्वावधान में 21वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय क्यूरुगी ताइक्वांडो प्रतियोगिता एवं 2री राज्य स्तरीय पुम्से ताइक्वांडो प्रतियोगिता 2026 का आयोजन 18 से 20 सितंबर तक बिलासपुर के स्व. बी.आर. यादव राज्य खेल प्रशिक्षण संस्थान बहतराई स्थित इंडोर स्टेडियम में किया जाएगा। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 18 जिलों से लगभग 570 खिलाड़ी, प्रशिक्षक, निर्णायक एवं टीम अधिकारी शामिल होंगे। छत्तीसगढ़ राज्य ताइक्वांडो संघ के महासचिव रामपुरी गोस्वामी ने बताया कि प्रतियोगिता में खिलाड़ी क्यूरुगी (फाइट) और पुम्से (तकनीकी प्रदर्शन) की विभिन्न आयु एवं वजन वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रदेश में ताइक्वांडो खेल को बढ़ावा देना और ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को राज्य स्तरीय मंच उपलब्ध कराना है। प्रतियोगिता का विशेष महत्व इसलिए है क्योंकि सब-जूनियर एवं जूनियर बालक-बालिका वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल करने वाले खिलाड़ियों का आगामी राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए चयन किया जाएगा। राष्ट्रीय प्रतियोगिता 2 से 4 अक्टूबर 2026 तक इंदौर, मध्य प्रदेश में प्रस्तावित है। राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। संघ के अध्यक्ष मनोज भिवगड़े ने कहा कि प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों में खेल भावना, अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं आयोजन समिति के अध्यक्ष रामदेव कुमावत ने बताया कि खिलाड़ियों के लिए आवास, भोजन, चिकित्सा, सुरक्षा, तकनीकी एवं मैदान व्यवस्था सहित आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। संघ द्वारा प्रतियोगिता को पारदर्शी एवं उच्च स्तरीय तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


