छठ महापर्व को लेकर अरपा तट पर तैयारियां तेज कलेक्टर,एसएसपी ने छठ घाट का किया निरीक्षण....

लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर अरपा नदी स्थित छठ घाट पर तैयारियां तेज हो गई हैं। 13 से 16 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस चार दिवसीय पर्व में बिलासपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजन की तैयारियों का जायजा लेने कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने छठ घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आयोजन समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि छठ पर्व आस्था के साथ प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, स्वच्छता और अनुशासन का संदेश देता है। घाट पर आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने नगर निगम को घाट की साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, पेयजल, स्वच्छ शौचालय और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था समय से पहले पूरी करने के निर्देश दिए। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को भी कहा। कलेक्टर ने नदी में अर्घ्य देने के लिए निर्धारित स्थानों को सुरक्षित बनाने तथा गहरे पानी वाले क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की आवाजाही रोकने के लिए संकेतक और अवरोध लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही घाट पर प्राथमिक उपचार और आपातकालीन सहायता की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। वहीं एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि छठ पर्व के दौरान पुलिस द्वारा सुरक्षा और यातायात की पुख्ता व्यवस्था की जाएगी। घाट तक पहुंचने वाले मार्गों, प्रवेश-निकास द्वारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। पार्किंग और यातायात व्यवस्था इस तरह बनाई जाएगी कि श्रद्धालुओं को परेशानी न हो और आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता खुला रहे। उन्होंने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और पुलिस व स्वयंसेवकों के निर्देशों का पालन करने की अपील की। आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रवीण झा ने कहा कि अरपा तट का छठ आयोजन आस्था के साथ सामाजिक एकता और सहभागिता का भी प्रतीक है। समिति प्रशासन और नगर निगम के सहयोग से तैयारियों को अंतिम रूप दे रही है। श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन और सहायता के लिए स्वयंसेवक तैनात रहेंगे। उन्होंने लोगों से घाट और नदी की स्वच्छता बनाए रखने तथा पूजन सामग्री निर्धारित स्थानों पर ही रखने की अपील की। निरीक्षण एवं बैठक में प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और आयोजन समिति के बीच बेहतर समन्वय के साथ पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया गया। इस अवसर पर एडीएम शिवकुमार बनर्जी सहित पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा आयोजन समिति के सदस्य एस.के. सिंह, अभय नारायण राय, धर्मेंद्र दास, विनोद सिंह, ए.के. कंठ, राम प्रताप सिंह, सुधीर झा, धनंजय झा, रौशन सिंह, अर्जुन सिंह, प्रशांत सिंह, कुमुद रंजन सिंह, हरिशंकर कुशवाहा, अनमोल झा, प्रमोद सिंह, चंदन सिंह, राम सखा चौधरी, राजीव गिरी, चंद्र किशोर प्रसाद, सतीश सिंह, अजीत पंडित, राम गोस्वामी, शौलेंद्र सिंह, भरत भूषण झा, रविंद्र सिंह, सुरेंद्र प्रताप सिंह, रुपेश कुशवाह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Nov 10, 2026 - 21:33
 0  1
💬 WhatsApp पर शेयर करें
छठ महापर्व को लेकर अरपा तट पर तैयारियां तेज कलेक्टर,एसएसपी ने छठ घाट का किया निरीक्षण....

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Rakesh Mishra कांटेक्ट नंबर - 9827171483