लंबित 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता शीघ्र जारी करे सरकार डॉ. सुनील कुमार यादव
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ (पंजीयन क्रमांक 6424) की मासिक बैठक जिला कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में संगठन के विस्तार, सदस्यता अभियान, लंबित कर्मचारी हितों से जुड़ी मांगों तथा आगामी आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान संघ के प्रदेश महामंत्री डॉ. सुनील कुमार यादव ने शासन से कर्मचारियों की लंबित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की। डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों की अनेक मांगें लंबे समय से शासन स्तर पर लंबित हैं। इन मांगों को पूरा कराने के लिए कर्मचारियों को चरणबद्ध आंदोलन की दिशा में आगे बढ़ना होगा। उन्होंने बताया कि जल्द ही भोजनावकाश के दौरान मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर लंबित मांगों को शीघ्र पूरा करने का आग्रह किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में कर्मचारियों का 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता लंबित है, जिसे तत्काल जारी किया जाना चाहिए। आगामी कैबिनेट बैठक में कर्मचारी हित में लंबित 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता जारी करने का प्रस्ताव पारित करने की मांग की गई। साथ ही केंद्र सरकार द्वारा संभावित महंगाई भत्ता वृद्धि का हवाला देते हुए प्रदेश के कर्मचारियों को भी समय पर महंगाई भत्ते का लाभ देने की मांग रखी गई। संघ ने कैशलेस स्वास्थ्य योजना, चार स्तरीय पदोन्नत वेतनमान, वेतन विसंगति दूर करने, अनुकंपा नियुक्ति में शिथिलीकरण समाप्त करने, संविलियन से पूर्व दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों को नि:शर्त अनुकंपा नियुक्ति तथा जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने की मांग भी उठाई। डॉ. यादव ने कहा कि यदि शासन जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लेता है तो राज्यभर के कर्मचारियों को लामबंद कर चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। बैठक में जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर पांडेय, सूर्या प्रकाश कश्यप, देवेंद्र ठाकुर, शीला शर्मा, रागिनी वॉल्टर, चंद्रकांत कश्यप, पंकज शुक्ला, संदीप त्रिपाठी, कौशल कौशिक, प्रवीण, प्रमोद भारद्वाज सहित तहसील शाखाओं के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


