टोपी खींचने की शिकायत का बदला, मेडिकल छात्र को कार में ले जाकर पीटा

बिलासपुर में स्कूल के दिनों की एक छोटी सी बात का बदला लेने के लिए युवकों ने कई साल बाद मेडिकल छात्र के साथ मारपीट की। आरोपियों ने मिलने के बहाने छात्र को बुलाया, जबरदस्ती कार में बैठाया और कोनी क्षेत्र ले जाकर करीब एक घंटे तक उसकी पिटाई की। बचपन में टोपी खींचने की शिकायत शिक्षक से करने की खुन्नस आरोपियों के मन में अब तक थी। पीड़ित की शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने अपराध दर्ज कर तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। घटना मंगलवार शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच नूतन चौक के पास की है। पीड़ित अरिहंत दीक्षित जगदलपुर मेडिकल कॉलेज में चौथे सेमेस्टर का छात्र है और दिवाली की छुट्टियों में बिलासपुर आया हुआ था। इसी दौरान स्कूल के पुराने साथियों ने उसे मिलने के लिए बुलाया। अरिहंत जब नूतन चौक पहुंचा, तो आरोपियों ने उसे जबरदस्ती कार में बैठाया और हाथ पकड़कर कोनी की तरफ ले गए। यहां स्कूल के दिनों की पुरानी बातों को लेकर कहासुनी शुरू हुई और फिर आरोपियों ने उसके साथ जमकर मारपीट की। करीब एक घंटे तक मारपीट करने के बाद उसे नूतन चौक के पास छोड़कर आरोपी फरार हो गए। पुलिस की शुरुआती जांच में मारपीट की वजह बचपन की पुरानी खुन्नस सामने आई है। बताया जा रहा है कि स्कूल में पढ़ाई के दौरान कुछ छात्रों ने अरिहंत की टोपी खींच दी थी। इस पर उसने शिक्षक से शिकायत कर दी थी, जिसके बाद संबंधित छात्रों को डांट पड़ी थी। इसी बात को लेकर कई साल बाद विवाद इतना बढ़ा कि मेडिकल और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवकों ने मारपीट की वारदात को अंजाम दे दिया। थाना प्रभारी के मुताबिक, पीड़ित के लिखित आवेदन पर तीन आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्कूल के दिनों की मामूली खुन्नस का बदला लेने के लिए की गई इस वारदात ने पुराने विवादों में बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Nov 11, 2026 - 18:37
 0  7
💬 WhatsApp पर शेयर करें
टोपी खींचने की शिकायत का बदला, मेडिकल छात्र को कार में ले जाकर पीटा

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0