नागपुर-रायपुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार बोलेरो,
राजनांदगांव/कवर्धा/रायपुर: महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार तड़के एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। छत्तीसगढ़ से तीज पर्व मनाने नागपुर जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक बोलेरो सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। इस दुर्घटना में 8 लोगों की जान चली गई, जिनमें 6 महिलाएं और मासूम बच्चे शामिल हैं। मृतकों में कबीरधाम जिले के 5 और नवगठित खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के 3 लोग शामिल हैं। घटना के बाद संबंधित गांवों में कोहराम और मातम पसरा हुआ है। रात करीब 3 बजे हुआ हादसा: घटनास्थल: नागपुर-रायपुर हाईवे पर मुंडीपार और पिंपलगांव के बीच। समय: शुक्रवार रात करीब 3:00 बजे। बोलेरो में लगभग 16 से 17 लोग सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल महिला ने नागपुर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। जान गंवाने वाले तीन बच्चों की उम्र 5 वर्ष से कम बताई जा रही है। पुलिस यह जांच कर रही है कि सड़क पर खड़े ट्रक में कोई पार्किंग लाइट या रिफ्लेक्टर संकेतक था या नहीं, जिससे चालक को वह दिखाई नहीं दिया। सड़क हादसे में मृतकों की सूची: जामबाई रामअवतार वर्मा (उम्र 50 वर्ष), निवासी एकता नगर, भांडेवाड़ी, नागपुर मिनाक्षी राजकुमार वर्मा (उम्र 26 वर्ष), निवासी विचारपुर, जिला लोहारा (कबीरधाम) गायत्री रूपेश उईके (उम्र 30 वर्ष), निवासी चिचोला, राजनांदगांव कु. रिवटी रूपेश उईके (उम्र 6 वर्ष), निवासी चिचोला, राजनांदगांव धैर्य रूपेश उईके (उम्र 4 वर्ष), निवासी चिचोला, राजनांदगांव सरिता विजय वर्मा (उम्र 30 वर्ष), निवासी विचारपुर, जिला लोहारा (कबीरधाम) कु. त्रिशा राजकुमार वर्मा (उम्र 2 वर्ष), निवासी विचारपुर, जिला लोहारा (कबीरधाम) राजकुमारी प्रह्लाद पटेल (उम्र 35 वर्ष), निवासी बीजा, तहसील लोहारा, कबीरधाम घायलों का उपचार जारी: बोलेरो चालक सहित कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को पहले साकोली अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद भंडारा मेडिकल कॉलेज और फिर गंभीर स्थिति को देखते हुए नागपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जताया गहरा शोक, टीम रवाना: हादसे पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर छत्तीसगढ़ से अधिकारियों की एक टीम घटनास्थल के लिए रवाना की गई है, जो महाराष्ट्र सरकार व स्थानीय प्रशासन से निरंतर समन्वय बनाकर घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


