पाली का कृष्ण कुंज बन गया उजाड़: 31.94 लाख के पौधे दीमक और सूखे की भेंट, वन विभाग ने कर्मी हटाया तो हरियाली ने दम तोड़ा
कोरबा/पाली:- कटघोरा वनमंडल के पाली वन परिक्षेत्र द्वारा नगर पंचायत पाली अंतर्गत चैतुरगढ़ मुख्यमार्ग पर नवीन कॉलेज के बगल में बड़े दावों के साथ बनाए गए कृष्ण कुंज की हालत अब देखी नहीं जा रही। कभी जहां आंवला, कटहल, गंगा इमली, जामुन, बेल, सफेद पलास, लीची, आम, चंदन के 10 से 15 फीट के लहलहाते पेड़ हरियाली बिखेरते थे, वहीं अब सूखे ठूंठ और दीमक लगे तने ही बचे हैं। जानकारी के अनुसार कृष्ण कुंज के लिए योजना अवधि 2022/23 से 2025/26 तक, रकबा 0.810 हेक्टेयर, रोपित पौधा संख्या 900, जिसके स्वीकृत राशि 31.94 लाख रुपये थी। बोर्ड में ही 900 पौधों का पूरा हिसाब उल्लेख है, आंवला 46, आम 28, कटहल 16, नीम 27, अमरूद 51, गंगा इमली 16, जामुन 26, लीची 19 सहित दर्जनों प्रजातियां। लेकिन आज मौके की तस्वीरें इस पूरे हिसाब- किताब की पोल खोल रही हैं। ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि दो माह पूर्व वन विभाग ने कृष्ण कुंज की देखरेख के लिए कार्यरत कर्मी को यह कहकर कार्यमुक्त कर दिया कि अब पौधे बड़े हो गए हैं, उन्हें देखरेख की जरूरत नहीं, विभाग के पास मानदेय के लिए कोई फंड नहीं है। उसके बाद से ही कृष्ण कुंज अनाथ हो गया। दो माह से पानी नहीं मिलने से मुरुमी जमीन पर लगे पौधों की जड़ों में दीमक लग गई। तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि पेड़ों के तने दीमक की मिट्टी से पूरी तरह ढक गए हैं और दर्जनों पेड़ पूरी तरह सूखकर कंकाल बन चुके हैं। शेष बचे पेड़ों को भी दीमक धीरे- धीरे नष्ट कर रही है। कभी इस कृष्ण कुंज की हरियाली का आनंद लेने के लिए सुबह टहलने वाले स्थानीय सहित आसपास के ग्रामीण यहां जुटते थे। सुबह- शाम लोगों की आवाजाही को देखते हुए नगर पंचायत ने भी लाखों रुपये खर्च कर इसके भीतर झूले, बच्चों के खेलने के उपकरण और जिम की सामग्री स्थापित कराई थी। आज उसी कृष्ण कुंज में झूले और जिम के सामान जंग खाकर टूटे पड़े हैं, चारों तरफ झाड़ियां और सूखी घास उग आई है। बच्चों के खेलने की जगह वीरान पड़ी है। इसे लेकर स्थानीय लोगों का कहना है- हमारी सुबह की सैर और बच्चों का खेल मैदान दोनों छिन गए। नागरिकों ने वन विभाग के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि एक तरफ विभाग पौधा रोपण की आड़ में मजदूरी कार्य पर जमकर झोलझाल करता है, वहीं दूसरी ओर कृष्ण कुंज की देखरेख के लिए एक कर्मी रखने के लिए विभाग के पास फंड नहीं है। वहीं आसपास लोगों का कहना है कि जिस जगह पर कृष्ण कुंज बनाया गया है, वह मुरुमी जगह है, जहां रोपित पेड़ों को नियमित पानी और देखरेख की सबसे ज्यादा जरूरत है। लेकिन विभाग ने बिना सोचे- समझे कर्मी हटा दिया, जिससे 31.94 लाख की योजना मिट्टी में मिल गई। यदि यही हाल रहा तो बची हुई हरियाली भी कुछ दिनों में पूरी तरह खत्म हो जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


