म्यूल बैंक खाते से साइबर ठगी का खेल, सकरी पुलिस ने एक और आरोपी को दबोचा; ₹1,950 नगद और ओप्पो मोबाइल जब्त बैंक ऑफ महाराष्ट्र के संदिग्ध खाते के खिलाफ मिली थीं 18 शिकायतें, अधिक मुनाफे का लालच देकर बैंक खातों का करता था दुरुपयोग

बिलासपुर। साइबर अपराध और म्यूल बैंक खातों के जरिए ठगी करने वालों के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में सकरी पुलिस ने म्यूल बैंक खाते के माध्यम से साइबर ठगी में संलिप्त एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1,950 रुपये नगद और ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपी को विधिवत न्यायालय में पेश करने के बाद जेल दाखिल करा दिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुख्यालय रायपुर से प्राप्त निर्देशों एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में म्यूल बैंक खातों की जांच कर उनके माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान भारत सरकार के पुलिस पोर्टल समन्वय (JMIS) के माध्यम से बैंक ऑफ महाराष्ट्र की सकरी शाखा, हाफा रोड स्थित एक संदिग्ध बैंक खाते की जानकारी प्राप्त हुई। जांच में सामने आया कि उक्त बैंक खाते के विरुद्ध लगभग 18 साइबर ठगी संबंधी शिकायतें दर्ज थीं। यह खाता 'श्रीधाम यात्रा सेवा समिति' के नाम से पंजीकृत था। पुलिस ने खाते के प्रोपराइटर उपेंद्र सिंह, निवासी आसमा सिटी होम सकरी, के विरुद्ध अपराध दर्ज कर पूर्व में उसे गिरफ्तार किया था। विवेचना के दौरान पुलिस को आरोपी भानूप्रताप मानिकपुरी की भूमिका भी सामने आई। आरोप है कि उसने स्वयं एवं अन्य लोगों के बैंक खातों को अधिक मुनाफा कमाने का लालच देकर म्यूल अकाउंट के रूप में उपलब्ध कराया और इनके माध्यम से ठगी की रकम का लेन-देन किया। इसके बाद सकरी पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी भानूप्रताप पिता स्वर्गीय बिसाहू दास मानिकपुरी (32 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूलतः ग्राम पुटपुरा, थाना नांदघाट, जिला बेमेतरा का निवासी है तथा वर्तमान में वार्ड क्रमांक 13, बछेरापारा तिफरा, थाना सिरगिट्टी, जिला बिलासपुर में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1,950 रुपये नगद एवं एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल दाखिल कराया गया। बिलासपुर पुलिस की आम जनता से अपील पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अपने बैंक खाते, एटीएम, पासबुक और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति को न दें। अधिक मुनाफा या कमीशन देने का लालच देकर बैंक खाते का इस्तेमाल करवाने वाले लोगों से सावधान रहें। अनजान व्यक्तियों के कहने पर अपने खाते में रकम प्राप्त करना या दूसरे खाते में ट्रांसफर करना आपको साइबर अपराध के मामले में कानूनी मुश्किल में डाल सकता है। सतर्क रहें, सुरक्षित रहें। साइबर अपराध मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करें।

Nov 11, 2026 - 06:42
 0  5
💬 WhatsApp पर शेयर करें
म्यूल बैंक खाते से साइबर ठगी का खेल, सकरी पुलिस ने एक और आरोपी को दबोचा; ₹1,950 नगद और ओप्पो मोबाइल जब्त बैंक ऑफ महाराष्ट्र के संदिग्ध खाते के खिलाफ मिली थीं 18 शिकायतें, अधिक मुनाफे का लालच देकर बैंक खातों का करता था दुरुपयोग

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0