अभनपुर: बाढ़ पीड़ितों से राशन दुकान संचालक की बदसलूकी, बोला- 'फोकट में मिलत हे त लेवत हस',
बाढ़ पीड़ितों से बदसलूकी का वीडियो वायरल: अभनपुर अंतर्गत गोबरा नवापारा नगर के राम जानकी पारा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में राशन दुकान संचालक बाढ़ प्रभावित हितग्राहियों के साथ कथित तौर पर रौब झाड़ते और दुर्व्यवहार करते नजर आ रहा है। अतिरिक्त खाद्यान्न वितरण के दौरान विवाद: शासन की ओर से हाल ही में आई बाढ़ से प्रभावित परिवारों को राहत स्वरूप अतिरिक्त राशन मुहैया कराया जा रहा है। राशन लेने पहुंचे हितग्राहियों और संचालक के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जिसे वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। दुकानदार के विवादित बोल: वायरल वीडियो में दुकानदार कथित तौर पर हितग्राहियों को दुकान से बाहर निकलने के लिए कहते हुए तंज कस रहा है। वह कहता सुनाई दे रहा है— “बाहर निकलो ना”, “आरती उतारो”, “नारियल फोड़ो” और “मत ले, मत ले जा… फोकट में मिलत हे त लेवत हस आके… पैसा में मिलतिस त आके लेतेस का…”। आपदा की मार झेल रहे परिवारों के प्रति इस असंवेदनशील रवैये को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है। एसडीएम ने दिए जांच के निर्देश: मामले को लेकर जब अभनपुर एसडीएम रवि सिंह से संपर्क किया गया, तो उन्होंने बताया कि खाद्य विभाग के संबंधित अधिकारियों को आवश्यक जांच और नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दे दिए गए हैं। जांच पूरी होने के बाद ही वीडियो की सत्यता और परिस्थितियों के आधार पर संचालक के खिलाफ आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


