आग में झुलसी दो साल की मासूम, इलाज के दौरान मौत,,
जिस उम्र में एक बच्ची को मां की गोद और परिवार का प्यार मिलना चाहिए था. जिस उम्र में उसे ठीक से यह भी नहीं पता कि आग क्या होती है.उसी उम्र की एक मासूम आग में झुलस गई. और जिंदगी की जंग हार गई। बिलासपुर के कोनी थाना क्षेत्र के घुटकू गांव में दो साल की बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई। आरोप है कि घरेलू विवाद के दौरान मासूम को जलती आग में डाल दिया गया। घटना में बच्ची बुरी तरह झुलस गई थी। मामले में पुलिस ने हत्या का FIR दर्ज कर आरोपी नीतिन लोनिया को गिरफ्तार कर लिया है।घुटकू गांव की इस घटना ने हर किसी को झकझोर दिया है। बताया जा रहा है कि महिला अपने देवर के साथ कुछ दिनों के लिए रायपुर गई थी। वहां विवाद के बाद दोनों वापस घुटकू लौट आए। लेकिन घर लौटने के बाद भी विवाद खत्म नहीं हुआ।आरोप है कि इसी विवाद के बीच महिला की महज दो साल की बच्ची को जलती आग में डाल दिया गया। मासूम बुरी तरह झुलस गई।जिस बच्ची को शायद यह तक नहीं मालूम था कि उसके साथ क्या हो रहा है.वही मासूम दर्द से तड़पती रही। उसके शरीर पर जलने के गहरे निशान थे। हाथ, पीठ और पैरों पर गंभीर चोटें थीं। हालत इतनी नाजुक थी कि उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।परिवार को उम्मीद थी कि इलाज के बाद शायद मासूम फिर से अपने पैरों पर खड़ी होगी.लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।इलाज के दौरान दो साल की बच्ची ने दम तोड़ दिया।बच्ची और उसकी मां के लापता होने के बाद परिजनों ने पुलिस को गुमशुदगी की सूचना भी दी थी। बाद में बच्ची के गंभीर रूप से झुलसने की जानकारी सामने आई। मासूम की मौत के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हत्या का FIR दर्ज किया और आरोपी नीतिन लोनिया को गिरफ्तार कर लिया।अब पुलिस इस दर्दनाक घटना की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है। आखिर उस मासूम का कसूर क्या था...? घर के विवाद में उसकी जिंदगी क्यों छीन ली गई...?और उस वक्त बच्ची के साथ वास्तव में क्या हुआ था.? इन सवालों के जवाब पुलिस की जांच में सामने आएंगे।लेकिन इस घटना के बाद एक सवाल जरूर रह जाता है जिस मासूम ने अभी जिंदगी को ठीक से देखना भी शुरू नहीं किया था. उसकी जिंदगी इतनी बेरहमी से क्यों खत्म कर दी गई? कोनी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


