दीपावली और छठ पूजा पर रेलवे की सौगात, बिलासपुर-छपरा के बीच 14 और 21 नवंबर को चलेगी पूजा स्पेशल ट्रेन
बिलासपुर। दीपावली एवं छठ पूजा के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए बिलासपुर-छपरा-बिलासपुर के बीच दो फेरे पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इस ट्रेन के संचालन से छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, ट्रेन नंबर 08255 बिलासपुर-छपरा पूजा स्पेशल 14 एवं 21 नवंबर (शनिवार) को बिलासपुर से शाम 6 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 2:40 बजे छपरा पहुंचेगी। इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 08256 छपरा-बिलासपुर पूजा स्पेशल 15 एवं 22 नवंबर (रविवार) को छपरा से शाम 5:25 बजे रवाना होगी तथा अगले दिन दोपहर 3 बजे बिलासपुर पहुंचेगी। इन स्टेशनों पर होगा ठहराव यह पूजा स्पेशल ट्रेन पेंड्रारोड, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, कटनी, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, वाराणसी, जौनपुर, औड़िहार, गाजीपुर सिटी और बलिया स्टेशन पर रुकेगी। रेलवे के अनुसार, बिलासपुर से रवाना होने के बाद ट्रेन पेंड्रारोड में रात 7:32 बजे, अनूपपुर में 8:32 बजे, शहडोल में 9:19 बजे तथा उमरिया में रात 10:17 बजे पहुंचेगी। त्योहारी सीजन में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे के इस निर्णय से छठ पूजा और दीपावली पर अपने घर जाने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


