मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया आधुनिक कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ

बिलासपुर - मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर प्रवास के दौरान जिला कार्यालय में शासकीय कर्मचारियों के लिए स्थापित आधुनिक कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ किया। भारतीय स्टेट बैंक, बिलासपुर अंचल द्वारा कॉर्पाेरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत स्थापित इस केंद्र में कर्मचारियों को कंप्यूटर संचालन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) एवं साइबर सुरक्षा का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने और नागरिकों को त्वरित एवं बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। साय ने इस अवसर पर कहा कि सुशासन को साकार करने में तकनीक की महत्वपूर्ण भूमिका है। शासकीय कर्मचारियों का डिजिटल रूप से दक्ष होना समय की आवश्यकता है। कंप्यूटर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग शासकीय कामकाज को अधिक सरल, सुगम और प्रभावी बना सकता है। उन्होंने कहा कि तकनीक के उपयोग के साथ शासकीय अभिलेखों और नागरिकों की व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा भी आवश्यक है। यह प्रशिक्षण केंद्र कर्मचारियों के कौशल विकास के साथ जनसेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने में उपयोगी साबित होगा। उन्होंने भारतीय स्टेट बैंक की इस पहल की सराहना की। प्रशिक्षण केंद्र में कर्मचारियों को कंप्यूटर के प्रभावी उपयोग, डिजिटल कार्यप्रणाली तथा कार्यालयीन कार्यों में एआई की उपयोगिता से परिचित कराया जाएगा। साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण के अंतर्गत फिशिंग, ऑनलाइन धोखाधड़ी, संदिग्ध लिंक की पहचान, सुरक्षित पासवर्ड, डेटा की गोपनीयता एवं सुरक्षित इंटरनेट उपयोग की जानकारी दी जाएगी। जिला प्रशासन के सहयोग एवं मार्गदर्शन में संचालित यह पहल ई-गवर्नेंस को सुदृढ़ करने और तकनीकी रूप से दक्ष प्रशासनिक व्यवस्था विकसित करने में सहायक होगी। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक श्री धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पांडे, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष रजनीश सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, संभागायुक्त सुनील जैन, आईजी रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं एसएसपी रजनेश सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य महाप्रबंधक आलोक रंजन, क्षेत्रीय प्रबंधक दीपक शेखर प्रेम एवं एसबीआई कलेक्ट्रेट शाखा के प्रबंधक राजा शिन्दे भी उपस्थित थे।

Nov 16, 2026 - 20:35
 0  15
💬 WhatsApp पर शेयर करें
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया आधुनिक कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0