बिलासपुर शहर की बदहाल सड़कों से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर...तीन से चार महीने में चमकेंगी सड़कें, नगर निगम ने शुरू किया डामरीकरण
बिलासपुर शहर की बदहाल सड़कों से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। शहर की सड़कों को दुरुस्त करने के लिए नगर निगम प्रशासन ने डामरीकरण का काम शुरू कर दिया है। लंबे समय से सड़क निर्माण और मरम्मत की मांग कर रहे लोगों को अब उम्मीद है कि उन्हें गड्ढों और उखड़ी हुई सड़कों से निजात मिलेगी। निगम प्रशासन का दावा है कि आने वाले तीन से चार महीनों में शहर की अधिकांश सड़कों का कायाकल्प कर दिया जाएगा। हालांकि, बड़ा सवाल यह है कि क्या इस बार तय समय सीमा में काम पूरा हो पाएगा? शहर में सड़क निर्माण और डामरीकरण को लेकर लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था। कई इलाकों में सड़कें उखड़ चुकी हैं, तो कहीं गड्ढों के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बारिश के बाद सड़कों की स्थिति और खराब हो गई थी। लोगों की मांग और स्वीकृत कार्यों के आधार पर अब नगर निगम ने डामरीकरण अभियान को गति देना शुरू कर दिया है। नगर निगम के मुताबिक, जिन सड़कों के डामरीकरण के लिए राशि स्वीकृत की गई थी, उनमें से कई जगहों पर काम प्रारंभ हो चुका है। गुरु नानक चौक सहित शहर के अलग-अलग हिस्सों में डामरीकरण का कार्य कराया जा रहा है। निगम का लक्ष्य है कि आने वाले दो महीनों में अधिकांश स्वीकृत कार्य पूरे कर लिए जाएं। वहीं, केवल मुख्य सड़कों तक ही यह अभियान सीमित नहीं रहेगा। शहर के अंदरूनी और वार्डों के उन मार्गों को भी डामरीकरण की योजना में शामिल किया जाएगा, जो मरम्मत के योग्य हैं। निगम प्रशासन का दावा है कि अगले तीन से चार महीनों में बिलासपुर की प्रमुख सड़कों से लेकर अंदरूनी मार्गों तक डामरीकरण का काम पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। लेकिन शहरवासियों के लिए सबसे अहम बात यह होगी कि सड़कों पर सिर्फ नई डामर की परत बिछाने तक काम सीमित न रहे, बल्कि गुणवत्ता और मजबूती का भी ध्यान रखा जाए, ताकि कुछ ही महीनों में सड़कें दोबारा बदहाल न हों।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


