हाईवे पर हाई-वोल्टेज ड्रामा: सेल्फी के चक्कर में हाथी ने दौड़ाया, बाल-बाल बची जान

कोरबा के कटघोरा वन मंडल अंतर्गत केंदई रेंज में इन दिनों एक अकेला (लोनर) नर हाथी राहगीरों और स्थानीय लोगों के लिए दहशत का सबब बना हुआ है। यह हाथी बार-बार जंगल से निकलकर मुख्य सड़कों पर आ धमकता है, जिससे न केवल यातायात बाधित हो रहा है, बल्कि लोगों की लापरवाही के कारण गंभीर हादसे का खतरा भी मंडरा रहा है। ताज़ा मामला सोमवार शाम का है, जब यह हाथी पहले कटघोरा-अंबिकापुर हाईवे (NH) पर चोटिया के पास काफी देर तक डेरा जमाए रहा। इसके बाद वह कोरबी स्टेट हाईवे स्थित प्रसिद्ध माटिन दाई मंदिर क्षेत्र तक पहुंच गया। हाथी को बीच सड़क पर पाकर राहगीरों और दर्शनार्थियों में खौफ के बजाय उत्सुकता जाग उठी। जान जोखिम में डालकर सेल्फी की होड़ गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार की पराकाष्ठा तब देखने को मिली जब लोग हाथी को देखने, उसका वीडियो बनाने और फोटो खींचने के लिए रुक गए। कुछ अति-उत्साही युवक तो हाथी के बेहद करीब पहुंचकर सेल्फी लेने का दुस्साहस करने लगे। आक्रामक हुआ हाथी, मची भगदड़ प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लोगों की लगातार बढ़ती नज़दीकी और शोर-शराबे से गजराज अपना आपा खो बैठे। हाथी अचानक आक्रामक होकर सेल्फी ले रहे लोगों की ओर तेज़ी से दौड़ा। हाथी को चिंघाड़ते हुए अपनी ओर आता देख वीडियो बना रहे लोगों के होश उड़ गए और वे जान बचाने के लिए बदहवास होकर इधर-उधर भागने लगे। कुछ देर के लिए हाईवे पर मानों 'दौड़ प्रतियोगिता' जैसा मंज़र था। गनीमत रही कि हाथी कुछ दूर दौड़कर रुक गया, जिससे कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। वन विभाग ने मशक्कत के बाद खदेड़ा इस हंगामे के चलते हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद, सायरन बजाकर और सूझबूझ से टीम ने हाथी को धीरे-धीरे जंगल की ओर खदेड़ा, जिसके बाद ही यातायात सुचारू हो सका। रेंजर की अपील: हाथी से बनाएँ दूरी केंदई रेंजर अभिषेक दुबे ने बताया कि क्षेत्र में वर्तमान में 32 हाथियों का एक बड़ा दल विचरण कर रहा है। यह हाथी उसी दल से अलग हुआ एक अकेला नर है। उन्होंने चेतावनी दी कि दल से बिछड़े हुए हाथी अक्सर अधिक आक्रामक और अप्रत्याशित व्यवहार करते हैं। रेंजर ने लोगों से हाथ जोड़कर अपील की है कि हाथी को सड़क पर देखकर रुकें नहीं, न ही फोटो-वीडियो या सेल्फी के चक्कर में अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालें। वन्यप्राणियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखना ही समझदारी है।

Sep 15, 2026 - 16:37
 0  5
💬 WhatsApp पर शेयर करें
हाईवे पर हाई-वोल्टेज ड्रामा: सेल्फी के चक्कर में हाथी ने दौड़ाया, बाल-बाल बची जान

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0