डोंगरगढ़ में भीषण सड़क हादसा: कार और स्कूटी की जोरदार टक्कर के बाद लगी आग, दोनों वाहन जलकर खाक;

डोंगरगढ़-मुरमुंदा मार्ग पर शनिवार तड़के करीब 4 बजे एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। कार और स्कूटी के बीच हुई जबरदस्त भिड़ंत के बाद अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दोनों वाहन धू-धू कर जलने लगे। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दर्शन के लिए आ रहा था परिवार: प्राथमिक जानकारी के अनुसार, कार में सवार लोग महाराष्ट्र के गोंदिया के रहने वाले बताए जा रहे हैं। परिवार राजनांदगांव से डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए आ रहा था। टक्कर के बाद वाहनों में स्पार्किंग होने से आग फैलने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के वक्त कार में कितने लोग सवार थे और वे किस स्थिति में हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस द्वारा की जा रही है। महाराष्ट्र नंबर की कार, मालिक की तलाश जारी: हादसे का शिकार हुई कार पर महाराष्ट्र का पंजीयन नंबर (MH 35 KR 5879) मिला है। पुलिस वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मालिक और उसमें सवार लोगों का पता लगाने में जुटी है। स्कूटी चालक का अब तक नहीं चला सुराग: हादसे के बाद मौके पर बुरी तरह जली हुई स्कूटी तो मिली, लेकिन सुबह तक उसका चालक या मालिक सामने नहीं आया। ऐसे में यह सवाल बना हुआ है कि स्कूटी कौन चला रहा था और घटना के बाद वह कहां गया। क्या चालक घायल होकर किसी अस्पताल पहुंचा या मौके से फरार हो गया, पुलिस आसपास के अस्पतालों और सीसीटीवी कैमरों की मदद से इसकी जांच कर रही है। जांच के बाद स्पष्ट होगी पूरी तस्वीर: घटना में किसी के हताहत होने की फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। डोंगरगढ़ पुलिस दोनों वाहनों के मालिकों की पहचान, दुर्घटना के कारणों और घटना के वास्तविक क्रम का पता लगाने के लिए गहन विवेचना कर रही है।

Oct 3, 2026 - 15:09
 0  12
💬 WhatsApp पर शेयर करें
डोंगरगढ़ में भीषण सड़क हादसा: कार और स्कूटी की जोरदार टक्कर के बाद लगी आग, दोनों वाहन जलकर खाक;

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0