सीपत में हाइवा चालक की बड़ी लापरवाही:गेयर समझकर दबा दिया डाले का लीवर, फिर सड़क पर उठा डाला लेकर दौड़ता रहा हाइवा! शराब भट्ठी के सामने सरकारी बोर्ड से जोरदार टक्कर
बिलासपुर। सीपत में सोमवार शाम एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने राहगीरों और वाहन चालकों को हैरान कर दिया। हाइवा का डाला ऊपर उठा हुआ था और चालक बेखबर होकर सड़क पर वाहन दौड़ाता रहा। न उसे उठे हुए डाले की भनक लगी और न ही रास्ते में आने वाले खतरे का अंदाजा हुआ। आखिरकार सीपत शराब भट्ठी के सामने सड़क के ऊपर लगे छत्तीसगढ़ शासन के विशाल बोर्ड से हाइवा का उठा हुआ डाला जा भिड़ा। टक्कर के बाद बोर्ड क्षतिग्रस्त होकर झुक गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।मिली जानकारी के अनुसार हाइवा क्रमांक CG 10 C 9445 सीपत की ओर आ रहा था। बताया जा रहा है कि चालक ने गेयर की जगह गलती से डाले के लीवर का बटन दबा दिया, जिससे वाहन का पिछला डाला ऊपर उठ गया। हैरानी की बात यह रही कि चालक को इसकी जानकारी तक नहीं हुई और वह काफी दूर तक उठे हुए डाले के साथ ही हाइवा चलाता रहा।शराब भट्ठी के सामने पहुंचते ही हाइवा का उठा हुआ डाला सड़क के ऊपर लगे छत्तीसगढ़ शासन के बड़े बोर्ड से टकरा गया। टक्कर से बोर्ड बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सड़क की ओर झुक गया। सीपत-बिलासपुर मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही थम गई। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने संभाला मोर्चा, हाइड्रा से हटवाया गया बोर्ड घटना की सूचना मिलते ही सीपत पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभालने में जुट गई। स्थिति को देखते हुए रात करीब 8 बजे हाइड्रा मशीन बुलवाई गई। हाइड्रा की मदद से क्षतिग्रस्त बोर्ड को हटाने की कार्रवाई की गई, ताकि सड़क पर आवागमन फिर से सामान्य हो सके। इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुटी रही और पुलिस यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने में लगी रही।हाइवा का डाला उठे होने के बावजूद चालक का बेखबर होकर वाहन चलाते रहना कई सवाल खड़े करता है। गनीमत रही कि बोर्ड से टक्कर के दौरान कोई राहगीर या अन्य वाहन इसकी चपेट में नहीं आया और जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि इस घटना ने भारी वाहनों के संचालन में सावधानी और सुरक्षा जांच की जरूरत को एक बार फिर उजागर कर दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
1
Angry
0
Sad
0
Wow
0


