20 मई को दवा दुकानें रहेंगी बंद,,,, प्रशासन अलर्ट मोड पर जन औषधि केंद्र और सरकारी मेडिकल स्टोर रहेंगे खुले, आपात स्थिति के लिए विशेष व्यवस्था
बिलासपुर, 19 मई 2026। ऑनलाइन फार्मेसी के विरोध सहित विभिन्न मांगों को लेकर देशभर के केमिस्ट एवं दवा वितरकों के राष्ट्रीय संगठन द्वारा 20 मई को एकदिवसीय राष्ट्रव्यापी दवा व्यापार बंद का आह्वान किया गया है। इस बंद के समर्थन में बिलासपुर जिले के केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट संघ ने भी मेडिकल स्टोर बंद रखने की सूचना प्रशासन को दी है। संभावित स्थिति को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने आम नागरिकों की सुविधा और स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतरता बनाए रखने के लिए विशेष तैयारियां की हैं। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने स्पष्ट किया है कि दवा दुकानों के बंद रहने के बावजूद आवश्यक दवाओं की उपलब्धता बाधित नहीं होने दी जाएगी। इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था सक्रिय की गई है। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक ब्लॉक स्तर पर जारी संपर्क सूची के माध्यम से संबंधित मेडिकल स्टोर अथवा अधिकारियों से संपर्क कर सकेंगे और डॉक्टर की पर्ची के आधार पर आवश्यक दवाएं प्राप्त कर सकेंगे। विभाग ने सहायक औषधि नियंत्रक, औषधि निरीक्षक तथा संबंधित अधिकारियों के संपर्क नंबर भी सार्वजनिक किए हैं, ताकि जरूरतमंदों को समय पर सहायता मिल सके। प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित किया है कि जिला चिकित्सालय सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में संचालित प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र, धन्वंतरि जेनेरिक मेडिकल स्टोर तथा रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा संचालित मेडिकल स्टोर 20 मई को खुले रहेंगे। इन केंद्रों पर आम नागरिकों को आवश्यक एवं सस्ती दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि घबराने की आवश्यकता नहीं है और केवल जरूरत पड़ने पर ही दवाओं की खरीद करें। किसी भी असुविधा की स्थिति में हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सहायता ली जा सकती है। प्रशासन का कहना है कि स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों, इसके लिए स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


