छत्तीसगढ़ में 5 दिन आंधी-बारिश का अलर्ट, रायपुर समेत कई जिलों में 60 किमी रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

बिलासपुर (ओम नारायण तिवारी ) - छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने वाला है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई है। शुक्रवार को रायगढ़ में अचानक मौसम बदल गया, जहां तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई। विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में इसी तरह की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में बिजली गिरने और धूलभरी आंधी की भी आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में शनिवार को बादल छाए रहने की संभावना है। गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग का कहना है कि प्री-मानसून गतिविधियों के चलते प्रदेशभर में मौसम का यह बदलाव देखने को मिल रहा है। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के तापमान में कोई बड़ा बदलाव दर्ज नहीं किया गया। रायपुर और बिलासपुर सबसे गर्म शहर रहे, जहां अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गर्मी के बावजूद बादलों और हवाओं के कारण लोगों को कुछ राहत महसूस हुई। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रारोड में दर्ज किया गया। यहां रात का तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग का मानना है कि आने वाले दिनों में बारिश और बादलों के कारण तापमान में मामूली गिरावट देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले पांच दिनों तक आंधी, बारिश और बादलों का असर बना रहेगा। कई इलाकों में शाम और रात के समय मौसम अचानक बदल सकता है। किसानों और खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

Jun 6, 2026 - 14:12
 0  2
💬 WhatsApp पर शेयर करें
छत्तीसगढ़ में 5 दिन आंधी-बारिश का अलर्ट, रायपुर समेत कई जिलों में 60 किमी रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
  

Table of Contents

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0