बिलासपुर में किन्नर की बेरहमी से हत्या: पार्टी में विवाद के बाद गला घोंटकर हत्या, रिया पर हत्या का आरोप
( रिपोर्टर - ओम तिवारी 🎤🌍) बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली हत्या का मामला सामने आया है। शहर की रहने वाली तन्नू नामक किन्नर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि रिया नाम के एक व्यक्ति ने इस वारदात को अंजाम दिया, जो खुद को किन्नर बताकर तन्नू के संपर्क में आया था। दोनों के बीच लंबे समय से अच्छी दोस्ती थी, लेकिन एक पार्टी के दौरान हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि पहले तन्नू के चेहरे पर बेरहमी से हमला किया गया और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है, जबकि किन्नर समुदाय में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, तन्नू किन्नर की पहचान शहर में एक सक्रिय सदस्य के रूप में थी। कुछ समय पहले उसकी मुलाकात रिया नाम के व्यक्ति से हुई थी। बताया जा रहा है कि रिया मूल रूप से एक समलैंगिक युवक है, जिसने किन्नर के रूप में अपनी पहचान बनाकर तन्नू से संपर्क किया था। धीरे-धीरे दोनों के बीच घनिष्ठ संबंध बन गए और रिया का तन्नू के घर आना-जाना भी शुरू हो गया। दोनों कई सामाजिक कार्यक्रमों और आयोजनों में भी साथ दिखाई देते थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि यही दोस्ती एक दिन इतनी दर्दनाक घटना में बदल जाएगी। मिली जानकारी के अनुसार, बीती रात तन्नू, रिया और उनके कुछ अन्य साथी एक पार्टी में शामिल हुए थे। पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर तन्नू और रिया के बीच कहासुनी शुरू हो गई। पहले मामूली बहस हुई, लेकिन देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच जमकर झगड़ा होने लगा। आरोप है कि इसी दौरान रिया ने अपना आपा खो दिया और तन्नू पर हमला कर दिया। आरोप है कि रिया ने तन्नू के चेहरे पर कई बार हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गई। इसके बाद भी आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ और उसने कथित रूप से तन्नू का गला दबा दिया। गंभीर चोटों और दम घुटने के कारण तन्नू की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में किन्नर समुदाय के लोग मौके पर और थाने पहुंच गए। समुदाय के लोगों ने इस हत्या को बेहद जघन्य बताते हुए आरोप लगाया कि वारदात में केवल रिया ही नहीं, बल्कि उसके अन्य साथी भी शामिल हो सकते हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल ने बताया कि पुलिस इस हत्याकांड की हर पहलू से जांच कर रही है। घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही पार्टी में मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी व्यक्ति संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना की कड़ियों को जोड़ा जा रहा है। वहीं किन्नर समुदाय इस मामले में जल्द न्याय और सभी दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


