लगातार बारिश से मंगला वार्ड जलमग्न, कई कॉलोनियों और घरों में घुसा पानी; पार्षद रमेश पटेल राहत कार्य में जुटे
बिलासपुर। शहर में दो दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण अधिकांश मोहल्लों और कॉलोनियों में जलभराव की गंभीर स्थिति निर्मित हो गई है। कई स्थानों पर पानी इतना अधिक भर गया कि लोगों के घरों के भीतर तक पानी पहुंच गया, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मंगला क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 13 में दीनदयाल नगर, पटेल भवन, श्री विहार, यादव गली, अमन विहार, चड्ढाबाड़ी, अभिषेक नगर, गीतांजलि पार्क, महर्षि रोड, जे.पी. विहार, गंगानगर, सुचित्रा विहार सहित कई निचली बस्तियों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। लगातार हो रही बारिश के चलते लोगों को आवागमन में भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वार्ड पार्षद रमेश पटेल देर रात से ही जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। उन्होंने नगर निगम प्रशासन के सहयोग से जल निकासी और राहत कार्यों की निगरानी करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। पार्षद रमेश पटेल ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे लगातार हो रही बारिश के दौरान विशेष सतर्कता बरतें। उन्होंने जर्जर भवनों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने तथा अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। साथ ही कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल नगर निगम अथवा स्थानीय प्रशासन को सूचना दें, ताकि समय पर राहत और बचाव कार्य किया जा सके। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए नगर निगम और स्थानीय जनप्रतिनिधि स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं तथा प्रभावित क्षेत्रों में राहत और जल निकासी के प्रयास लगातार जारी हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


