भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा में सैय्यद मकबूल अली को बड़ी जिम्मेदारी, बने दुर्ग संभाग के सह-प्रभारी
बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक विस्तार के तहत भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा, छत्तीसगढ़ में पूर्व एल्डरमेन एवं पूर्व जिला अध्यक्ष सैय्यद मकबूल अली को दुर्ग संभाग का सह-प्रभारी नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति का आदेश भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की सहमति से प्रदेश महामंत्री एवं मुख्यालय प्रभारी डॉ. नवीन मार्कण्डेय के हस्ताक्षर से जारी किया गया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। सैय्यद मकबूल अली लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं। वे भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष तथा बिलासपुर नगर निगम के पूर्व एल्डरमेन के रूप में संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं। चुनावी रणनीति और इलेक्शन मैनेजमेंट में दक्ष माने जाने वाले सैय्यद मकबूल अली ने विधानसभा, लोकसभा और नगरीय निकाय चुनावों में बूथ प्रबंधन, कार्यकर्ताओं के समन्वय और चुनाव संचालन में प्रभावी भूमिका निभाई है। उनके संगठनात्मक अनुभव और कार्यकुशलता को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। राजनीतिक हलकों में सैय्यद मकबूल अली को भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री एवं बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल के विश्वसनीय सहयोगियों में माना जाता है। संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी प्रबंधन में उनकी सक्रिय भागीदारी लगातार चर्चा का विषय रही है। नई जिम्मेदारी मिलने पर भाजपा के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। पार्टी नेतृत्व ने विश्वास व्यक्त किया है कि सैय्यद मकबूल अली अपने अनुभव, नेतृत्व क्षमता और संगठनात्मक कौशल के बल पर दुर्ग संभाग में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा को और अधिक मजबूत करेंगे तथा संगठन के विस्तार में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


