सीमांकन के नाम पर आरआई और पटवारी ने मांगे 1 लाख रुपये! कलेक्टर से शिकायत, जांच और कार्रवाई की मांग
बिलासपुर जिले के राजस्व विभाग में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप सामने आए हैं। तिफरा के डिपरापारा निवासी अविनाश वानी ने राजस्व निरीक्षक (आरआई) सुशील अनंत एक्का एवं हल्का पटवारी क्रमांक-40 ऋतुराज अवस्थी पर सीमांकन (डिमार्केशन) करने के एवज में एक लाख रुपये की अवैध मांग करने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की लिखित शिकायत कलेक्टर बिलासपुर को सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार, सीमांकन के लिए आवेदन करने के बाद अतिरिक्त तहसीलदार द्वारा कई बार आदेश जारी किए गए, लेकिन राजस्व अधिकारियों ने समय पर सीमांकन नहीं किया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आदेश के बावजूद कार्यवाही टालते हुए उनसे एक लाख रुपये की मांग की गई। जब उन्होंने राशि देने से इनकार किया तो सीमांकन की प्रक्रिया लगातार टाल दी गई। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि अधिकारियों ने कथित रूप से कहा कि यह राशि "ऊपर तक" देनी पड़ती है, अन्यथा सीमांकन का कार्य लंबित रहेगा। शिकायतकर्ता का कहना है कि वह एक गरीब मजदूर है और इतनी बड़ी रकम देना उसके लिए संभव नहीं है। शिकायत में यह भी बताया गया है कि सीमांकन के लिए कई बार नोटिस जारी किए गए, लेकिन कभी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे तो कभी अन्य कारण बताकर कार्यवाही स्थगित कर दी गई। अंततः 23 जून 2026 को भी सीमांकन नहीं किया गया और शिकायतकर्ता को बिना कारण बताए वापस भेज दिया गया। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में भी शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित ने कलेक्टर से मांग की है कि आरआई और पटवारी द्वारा सीमांकन के नाम पर कथित अवैध वसूली की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में कार्रवाई की जाए तथा लंबित सीमांकन तत्काल कराया जाए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


