हर घर तिरंगा अभियान के तहत डाक विभाग ने निकाली भव्य देशभक्ति रैली
बिलासपुर,भारतीय डाक विभाग के बिलासपुर संभाग द्वारा “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत गुरुवार को भव्य देशभक्ति रैली का आयोजन किया गया। प्रवर अधीक्षक डाकघर बिलासपुर संभाग बी. एल. जांगड़े के नेतृत्व में आयोजित रैली के माध्यम से नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना जागृत करने का संदेश दिया गया। रैली में डाक विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में विद्यार्थी और अन्य लोग शामिल हुए। इस दौरान देशभक्ति से जुड़े नारों और संदेशों के माध्यम से लोगों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों में तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रध्वज की गरिमा बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। रैली के दौरान जैन इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों को डाक विभाग की कार्यप्रणाली एवं विभिन्न सेवाओं से परिचित कराया गया। विद्यार्थियों को डाक विभाग द्वारा नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी देने के साथ राष्ट्रध्वज के महत्व और तिरंगे के सम्मान के संबंध में भी जागरूक किया गया। इसी क्रम में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के कमांडेंट मनोज कुमार के नेतृत्व में निकाली गई देशभक्ति रैली का प्रधान डाकघर बिलासपुर परिसर में प्रवर अधीक्षक बी. एल. जांगड़े द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। सीआरपीएफ जवानों की रैली के पहुंचने पर परिसर में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर बिलासपुर डाक विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने “हर घर तिरंगा” अभियान को सफल बनाने तथा नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करने का संकल्प लिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


