विधायक सुशांत शुक्ला के मार्गदर्शन में राशन दुकानों का निरीक्षण, वितरण व्यवस्था की सराहना
बिलासपुर। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में विधायक सुशांत शुक्ला के मार्गदर्शन में पश्चिम मंडल के महामंत्री त्रिदेव रजक ने क्षेत्र की विभिन्न राशन दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानों में उपलब्ध खाद्यान्न सामग्री, वितरण व्यवस्था और हितग्राहियों को शासन की योजनाओं के तहत मिल रहे राशन की स्थिति का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान राशन दुकानों में चावल सहित अन्य निर्धारित खाद्यान्न सामग्री का वितरण व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से किया जाना पाया गया। हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा में राशन उपलब्ध कराने तथा वितरण व्यवस्था को लेकर त्रिदेव रजक ने संतोष व्यक्त करते हुए दुकान संचालकों के कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि विधायक सुशांत शुक्ला के मार्गदर्शन में बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराना महत्वपूर्ण जनसेवा है। निरीक्षण के दौरान हितग्राहियों से भी राशन वितरण व्यवस्था की जानकारी ली गई। हितग्राहियों ने व्यवस्था को संतोषजनक बताया। त्रिदेव रजक ने राशन दुकान संचालकों से पारदर्शिता, जिम्मेदारी और सम्मानजनक व्यवहार बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि ईमानदारी और सेवा भावना से कार्य करने पर शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


